हरदा। जिले के टिमरनी थाना क्षेत्र में सोमवार को एक खेत में काम कर रहे मजदूर की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतक की पहचान बैतूल के ग्राम डोंटजाम निवासी हीरालाल पिता हिरेन्सिंह कोरकू के रूप में हुई है। वह बहरागांव और सोडलपुर के बीच स्थित परसराम सांखला के खेत में मजदूरी करता था।
पानी की नाली में पानी आने के बाद हुई मौत, कारण स्पष्ट नहीं
पुलिस के अनुसार सोमवार को हीरालाल खेत में पानी दे रहा था। इसी दौरान खेत में अचानक उसकी मौत हो गई। हालांकि मौत का वास्तविक कारण अभी स्पष्ट नहीं हुआ है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने शव को टिमरनी के शासकीय अस्पताल पहुंचाया। रात हो जाने के कारण सोमवार को पोस्टमार्टम नहीं हो सका। एसआई दिनेश सिंह शेखावत ने बताया कि मंगलवार सुबह पोस्टमार्टम कराया जाएगा। रिपोर्ट आने के बाद ही मौत का असली कारण स्पष्ट हो सकेगा।

