मकडा़ई एक्सप्रेस 24 छिंदवाड़ा । जिले में बैतूल हाईवे पर ट्रक और पिकअप वाहन की आमने-सामने टक्कर में 5 लोगों की मौत हो गई। हादसा जिला मुख्यालय से करीब 25 किलोमीटर दूर सिमरिया के पास हुआ। पिकअप में सवार सभी लोग एक सार्वजनिक कार्यक्रम से लौट रहे थे। टक्कर इतनी भीषण थी कि पिकअप के परखच्चे उड़ गए और मौके पर ही पांच लोगों ने दम तोड़ दिया। कई अन्य यात्री गंभीर रूप से घायल हुए हैं।
मुख्यमंत्री ने जताया दुख, मुआवजे की घोषणा
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने हादसे को हृदय विदारक बताते हुए गहरा दुख व्यक्त किया। उन्होंने मृतकों के परिजनों को 4-4 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने के निर्देश दिए। साथ ही गंभीर रूप से घायलों को 1-1 लाख रुपये और अन्य घायलों को 50-50 हजार रुपये की सहायता राशि प्रदान की जाएगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि सभी घायलों का इलाज पूरी तरह निःशुल्क किया जाएगा।
इलाज और राहत कार्य के निर्देश
मुख्यमंत्री ने संबंधित अधिकारियों को घायलों के समुचित इलाज के लिए तत्काल व्यवस्था करने के निर्देश दिए। जबलपुर से डॉक्टरों और पैरामेडिकल स्टाफ का दल छिंदवाड़ा और नागपुर भेजा गया है। भोपाल स्थित स्वास्थ्य विभाग में कंट्रोल रूम बनाकर सभी घायलों के उपचार की लगातार मॉनिटरिंग की जा रही है। छिंदवाड़ा के प्रभारी मंत्री राकेश सिंह को मौके पर पहुंचकर राहत कार्यों की निगरानी करने के निर्देश भी दिए गए हैं।
पुलिस जांच शुरू
पुलिस अधीक्षक के अनुसार हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी गई है। शुरुआती तौर पर तेज रफ्तार और लापरवाही को हादसे की वजह माना जा रहा है, लेकिन असली कारण जांच के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा। घायलों को जिला अस्पताल और आसपास के चिकित्सा केंद्रों में भर्ती कराया गया है, जिनमें से 3-4 की हालत गंभीर बताई जा रही है।

