हंडिया।आज सुबह हंडिया के मां नर्मदा मंदिर, दक्षिण तट पर नजारा ही निराला था।श्रावण मास के इस खास दिन पर ब्राह्मण समाज का श्रावणी उपाकर्म ऐसे उत्साह और रंग-रूप से हुआ कि घाट पर हर कोई मुस्कान लिए खड़ा था।प्रातः 9 बजे से आरंभ हुए इस दिव्य कर्म में परम पूज्य पं.प्रेमनारायण जी दाधिच के सान्निध्य में बड़ी संख्या में यज्ञोपवीत-धारी ब्राह्मणों ने भाग लिया।
मां नर्मदा के पावन जल में स्नान कर ब्राह्मणों ने वैदिक विधि-विधान से तर्पण, संकल्प और नूतन यज्ञोपवीत धारण किया। कर्माचार्य पं.श्री राजेश जी शर्मा ने वैदिक मंत्रों के उच्चारण के साथ यज्ञोपवीत परिवर्तन की प्रक्रिया संपन्न कराई। इस दौरान वातावरण पूरे समय मंत्रध्वनि और भजन-कीर्तन से गूंजता रहा।
श्रद्धालुजन अपने साथ फूल, आसन और पंचपात्र लेकर पहुंचे थे। आयोजन में सभी उपस्थित ब्राह्मणों ने धर्म, सत्य और सदाचार के पालन का संकल्प लिया।अंत में प्रसाद वितरण के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ, वहीं उपस्थित जनों ने मां नर्मदा से समाज की सुख-समृद्धि और कल्याण की कामना की।

