बैतूल में आदिवासी छात्र पर पेट्रोल डालकर जलाने की कोशिश, छात्रावास की सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल !
मप्र आदिवासी कांग्रेस अध्यक्ष रामू टेकाम घायल छात्र के हाल जाने।
मकड़ाई एक्सप्रेस 24 बैतूल।आदिवासी बाहुल्य जिले के आदिवासी छात्रावास मे एक छात्र को पैट्रोल डालकर जलाने का प्रयास किया गया है। जिले शाहपुरा तहसील के धार आदिवासी बालक छात्रावास में 13 वर्षीय छात्र अभिषेक टेकाम के साथ भयावह घटना हुई।
बताया जा रहा है कि बुधवार रात को छात्रावास में सोते समय किसी अज्ञात व्यक्ति ने उसके ऊपर पेट्रोल डालकर आग लगाने का प्रयास किया। कमर के नीचे के हिस्से मे आग लगने पर छात्र ने शोर मचाया, जिससे अन्य छात्र मौके पर पहुंचे उन्होने उसे बचाकर जिला अस्पताल पहुंचाया जिससे उसकी जान बची। अभी अभिषेक का इलाज जिला अस्पताल में चल रहा है।
इस घटना के बाद आदिवासी छात्रो ने हंगामा किया। उन्होंने छात्रावास अधीक्षक पर मामले को दबाने का आरोप लगाया, साथ ही परिवार को मीडिया के सामने बयान न देने का दबाव डालने का आरोप भी लगाया गया। छात्रावास की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।
रामू टेकाम घायल छात्र से मिले
घायल छात्र अभिषेक टेकाम का उपचार जिला अस्पताल में छल रहा है। इस दौरान मप्र आदिवासी कांग्रेस अध्यक्ष रामू टेकाम भी घायल छात्र के हाल जानने पहुंचे और उन्होने छात्र के परिजन को हर सम्भव मदद का आश्वासन दिया। टेकाम छात्रावास की सुरक्षा व्यवस्था पर भी चिंता जाहिर की।
मामले की जांच जारी है।
ट्राइबल सहायक आयुक्त विवेक पांडेय ने बताया कि मामले की जांच जारी है और जल्द सख्त कार्रवाई की जाएगी। घटना स्थल के सीसीटीवी फुटेज जांच के लिए महत्वपूर्ण हो सकते हैं, पर अब तक फुटेज सामने नहीं आई है, जिससे प्रशासन की कार्यप्रणाली पर भी प्रश्न पूछे जा रहे हैं।
सुरक्षा व्यवस्था पर सवालिया निशान
यह घटना छात्रावासों में छात्रों की सुरक्षा को लेकर गहरी चिंता पैदा कर रही है और प्रशासन पर इसे गंभीरता से लेने का दबाव बढ़ा है।

