भोपाल। भोपाल के कोलार थाने में इंजीनियरिंग छात्रा ने एक रेपिडो चालक के खिलाफ रेप की एफआईआर दर्ज कराई है। आरोपी और पीड़िता की मुलाकात राइड के दौरान हुई थी। अक्टूबर महीने में आरोपी पीड़िता के घर पहुंचा और उसे अकेला पाकर उसके साथ ज्यादती की। वहीं इंदौर से भोपाल आई आरोपी की गर्लफ्रेंड ने भी पीड़िता के साथ मारपीट की। पुलिस ने आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।
पढ़ाई करने भोपाल आई है पीड़िता
सब इंस्पेक्टर पप्पू कटियार के मुताबिक, 18 वर्षीय युवती इंजीनियरिंग की छात्रा है। वह मूल रूप से सिवनी जिले की रहने वाली है और भोपाल में रहकर पढ़ाई कर रही है। जबकि आरोपी तरूण लोखड़े भी उसी जिले का रहने वाला है और भोपाल में वह रेपिडो चलाता है। 24 अक्टूबर को छात्रा जब घर में अकेली थी, तभी आरोपी युवक उसके घर पहुंचा और पीड़िता के साथ रेप किया।
बदनाम करने की धमकी देकर कई बार ज्यादती की
आरोपी ने पहली बार संबंध बनाने के बाद बदनाम करने की धमकी देकर कई बार उसके साथ रेप किया। इसी बीच आरोपी तरूण की गर्लफ्रेंड दिव्या अपने सहेली रानी के साथ भोपाल में पीड़िता के घर पहुंची और उसके साथ जमकर मारपीट की। उसे दोनों के बीच अफेयर होने का संदेह था। मारपीट के बाद पीड़िता थाने पहुंची और शिकायती आवेदन दिया। जांच के बाद पुलिस ने केस दर्ज कर लिया।

