हरदा : अज्ञात कारण से 60 एकड़ की गेहूं फसल आग से जलकर हुई खाक, विधायक डॉ. दोगने मौके पर पहुंचे, प्रभावित किसानों को मुआवजा दिलाने की मांग
हरदा /विधानसभा क्षेत्र के ग्राम छिपाबड़ में लगभग 50 से 60 एकड़ गेहूं की फसल में अचानक आग लग गई। घटना की सूचना मिलते ही हरदा विधायक डॉ. रामकिशोर दोगने को मिलते ही वह तत्काल मौके पर पहुंचे और किसानों के साथ मिलकर फसल नुकसानी का जायजा लिया।
विधायक डॉ. दोगने ने मौके से ही जिला प्रशासन को घटना की जानकारी देते हुए हरदा कलेक्टर, आर.आई. तथा पटवारी को तत्काल घटनास्थल पर पहुंचकर फसल नुकसानी का सर्वे करने के निर्देश दिए, ताकि प्रभावित किसानों को शीघ्र उचित मुआवजा मिल सके।
उन्होंने कहा कि आगजनी की इस घटना से किसानों को भारी नुकसान हुआ है और प्रशासन को पूरी संवेदनशीलता के साथ प्रभावित किसानों की मदद सुनिश्चित करनी चाहिए।
इस दौरान विधायक डॉ. दोगने ने जिला प्रशासन से यह भी निवेदन किया कि फायर ब्रिगेड तथा ग्राम पंचायतों को विधायक निधि से उपलब्ध कराए गए फायर फाइटर टैंकरों को पूरी तरह सक्रिय और तैयार स्थिति में रखा जाए, ताकि भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं पर तुरंत नियंत्रण पाया जा सके और बड़ी दुर्घटनाओं को रोका जा सके।
विधायक डॉ. दोगने ने कहा कि किसानों की फसल उनकी सालभर की मेहनत का परिणाम होती है, इसलिए प्रशासन को ऐसे मामलों में त्वरित कार्रवाई करते हुए किसानों को राहत उपलब्ध कराना सुनिश्चित करना चाहिए।

