मकड़ाई समाचार हरदा। भारतीय जनता पार्टी के पूर्व जिला प्रवक्ता अशोक गुर्जर ने कहा है कि देश में लागू की जा रही E20 (20 प्रतिशत एथेनॉल मिश्रित पेट्रोल) नीति केवल ईंधन परिवर्तन की पहल नहीं, बल्कि किसानों की आर्थिक समृद्धि, ग्रामीण विकास और भारत की ऊर्जा आत्मनिर्भरता की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम है।
उन्होंने कहा कि भारत लंबे समय से कच्चे तेल के आयात पर अत्यधिक निर्भर रहा है, जिससे देश की बड़ी मात्रा में विदेशी मुद्रा विदेशों में खर्च होती है। ऐसे में एथेनॉल मिश्रण की नीति देश को ऊर्जा के क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनाने के साथ-साथ किसानों के लिए आय के नए स्रोत भी तैयार कर रही है।
अशोक गुर्जर ने बताया कि गन्ना, मक्का और अन्य उपयुक्त कृषि उत्पादों से एथेनॉल उत्पादन बढ़ने पर किसानों को अपनी उपज का बेहतर मूल्य और अतिरिक्त आय के अवसर प्राप्त होंगे। इससे ग्रामीण अर्थव्यवस्था को नई गति मिलेगी और कृषि आधारित उद्योगों के विकास को भी बढ़ावा मिलेगा।
उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया पर E20 को लेकर कई प्रकार की भ्रामक और अपुष्ट जानकारियां प्रसारित की जा रही हैं। युवाओं से उन्होंने अपील की कि किसी भी विषय पर अपनी राय बनाने से पहले वैज्ञानिक तथ्यों, अधिकृत संस्थाओं और विशेषज्ञों की जानकारी का अध्ययन अवश्य करें। किसानों से जुड़े विषयों पर सकारात्मक और तथ्य आधारित संवाद समय की आवश्यकता है।
अशोक गुर्जर ने कहा कि कृषि उत्पादन के क्षेत्र में हरदा जिले की प्रदेश और देश में एक अलग पहचान है। यदि एथेनॉल आधारित कृषि एवं प्रसंस्करण उद्योगों का विस्तार होता है, तो हरदा इस क्षेत्र में अग्रणी जिला बन सकता है। इससे किसानों, कृषि उद्यमियों, परिवहन, भंडारण और ग्रामीण रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे।
उन्होंने घोषणा की कि निकट भविष्य में हरदा में “E20, एथेनॉल आधारित अर्थव्यवस्था एवं किसानों की समृद्धि” विषय पर एक संवाद गोष्ठी आयोजित करने का प्रयास किया जाएगा। इस गोष्ठी में कृषि वैज्ञानिकों, किसान संगठनों, युवाओं, उद्योग जगत, जनप्रतिनिधियों और संबंधित विभागों के अधिकारियों को आमंत्रित कर विषय पर व्यापक और तथ्यात्मक चर्चा की जाएगी।
अंत में अशोक गुर्जर ने जिले के सभी किसान संगठनों, युवा संगठनों, सामाजिक संस्थाओं और जागरूक नागरिकों से इस राष्ट्रीय पहल को समझने, सही जानकारी जन-जन तक पहुंचाने तथा किसानों के आर्थिक सशक्तिकरण के लिए सकारात्मक भूमिका निभाने का आह्वान किया।

