नर्मदापुरम। जिला के ग्राम सुपरली निवासी किसान एवं कलाकार योगेंद्रपाल सिंह सोलंकी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की एक अनोखी चित्रकृति तैयार की है। खास बात यह है कि यह पूरी कलाकृति बंगाल के प्रसिद्ध व्यंजन “झालमुड़ी” के दानों से बनाई गई है। कलाकार का कहना है कि यह चित्र केवल एक कलाकृति नहीं, बल्कि भारतीय संस्कृति, सादगी, संघर्ष और जनसामान्य की भावनाओं का प्रतीक है। उन्होंने बताया कि यह चित्र बंगाल विजय और देश की विविधता में एकता का संदेश भी देता है।
झालमुड़ी से तैयार की विशेष तस्वीर
दरअसल, बंगाल चुनाव के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा झालमुड़ी का स्वाद लेने का दृश्य देशभर में काफी चर्चा में रहा था। उसी से प्रेरित होकर कलाकार योगेंद्रपाल सिंह सोलंकी ने झालमुड़ी को माध्यम बनाकर प्रधानमंत्री मोदी की यह विशेष तस्वीर तैयार की है।
जनभावनाओं को भी दर्शाती है कलाकृति
कलाकार के अनुसार झालमुड़ी सिर्फ एक खाद्य पदार्थ नहीं, बल्कि आम जनजीवन की सादगी, संघर्ष और सामाजिक एकता की पहचान है। उन्होंने कहा कि यह कलाकृति देश के महापुरुषों के त्याग, समर्पण और जनभावनाओं को भी दर्शाती है। स्थानीय लोगों द्वारा इस अनोखी कलाकृति की काफी सराहना की जा रही है।

