चौतलाय के पास रफ्तार का कहर पिकअप ने बाइक को मारी टक्कर, शादी से लौट रही महिला की मौत, पति जिंदगी-मौत से जूझ रहा
पहले ट्रैक्टर को मारी टक्कर, फिर दंपति को कुचला—
पहिया निकलकर दूर जा गिरा चालक फरार, पुलिस तलाश में जुटी
केके यदुवंशी पत्रकार
सिवनी मालवा।सोमवार शाम ग्राम चौतलाय के पास तेज रफ्तार पिकअप ने सड़क पर कहर बरपा दिया नर्मदापुरम के गोल टोली निवासी राजेश और उनकी पत्नी साधना ग्राम भांगिया में शादी समारोह से बाइक पर लौट रहे थे, तभी बेकाबू पिकअप ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी।
हादसा इतना भीषण था कि पहले पिकअप ने सड़क पर चल रहे ट्रैक्टर को टक्कर मारी, जिससे ट्रैक्टर का पहिया निकलकर दूर जा गिरा। इसके बाद अनियंत्रित पिकअप सीधे दंपति की बाइक से जा भिड़ी।
स्थानीय लोगों ने तुरंत एंबुलेंस बुलाकर दोनों को सिवनी मालवा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया ड्यूटी डॉक्टर बृजेश राजपूत ने जांच के बाद साधना को मृत घोषित कर दिया राजेश के सिर और हाथ-पैरों में गंभीर चोटें हैं। प्राथमिक उपचार के बाद हालत नाजुक देखते हुए उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
चश्मदीदों के अनुसार पिकअप चालक बेहद तेज रफ्तार में था और टक्कर मारने के बाद मौके से फरार हो गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर फरार चालक की तलाश शुरू कर दी है।
ग्रामीणों में आक्रोश
लगातार हो रहे हादसों से ग्रामीणों में गुस्सा है। लोगों ने प्रशासन से चौतलाय-भांगिया मार्ग पर स्पीड ब्रेकर, और तेज रफ्तार वाहनों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है जिससे हादसा होने से बचा जा सके।

