एसडीएम ने डीजे संचालकों से भरवाए बांड ओवर फॉर्म, ग्रामीण इलाकों में भी रहेगी पुलिस की नजर
टिमरनी। आगामी गणेश महोत्सव और डोल ग्यारस पर्व को लेकर प्रशासन ने तेज आवाज में डीजे बजाने वालों पर सख्ती शुरू कर दी है।
मंगलवार को एसडीएम कार्यालय में क्षेत्र के डीजे संचालकों की बैठक आयोजित की गई। इसमें संचालकों को निर्धारित ध्वनि सीमा और नियमों का पालन करने की हिदायत देते हुए उनसे बांड ओवर फॉर्म भरवाए गए।
एसडीएम शैलेन्द्र बड़ोनिया, एसडीओपी आकाश तलेया और थाना प्रभारी मुकेश गौड़ ने संचालकों को स्पष्ट किया कि सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों और निर्धारित मानकों के अनुसार ही ध्वनि विस्तारक यंत्रों का उपयोग किया जाएगा। तय सीमा से अधिक आवाज में डीजे बजाने या अन्य नियमों का उल्लंघन करने पर संबंधित संचालक के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। आवश्यकता पड़ने पर डीजे जब्त भी किया जाएगा।
ग्रामीण क्षेत्रों पर भी रहेगी प्रशासन की नजर
प्रशासन की कार्रवाई केवल टिमरनी नगर तक सीमित नहीं रहेगी। आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में डीजे संचालकों को भी नियमों का पालन करने के निर्देश दिए गए हैं। पर्व के दौरान पुलिस और प्रशासन की टीमें उल्लंघन पर नजर रखेंगी।
एसडीएम ने बताया जल्द ही गणेश मंडल और अन्य आयोजन समितियों की बैठक लेकर बिना अनुमति डीजे अथवा ध्वनि विस्तारक यंत्रों के उपयोग पर रोक के निर्देश दिए जाएंगे। अनुमति मिलने के बाद भी निर्धारित ध्वनि सीमा का पालन अनिवार्य होगा।

