ग्वालियर में आधी रात को बेकाबू कार दो मंजिला मकान में घुसी, एक की मौत, तीन घायल, 125 किमी की रफ्तार में अनियंत्रित हुई कार, मकान की बाउंड्री तोड़कर आंगन में घुसी
मकड़ाई एक्सप्रेस 24 | ग्वालियर। ग्वालियर-भिंड रोड पर देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे बने दो मंजिला मकान की बाउंड्री वॉल तोड़ते हुए आंगन में जा घुसी। हादसे में कार सवार एक युवक की मौत हो गई, जबकि तीन लोग घायल बताए जा रहे हैं।
120-125 किमी प्रति घंटे की रफ्तार में खोया नियंत्रण
घटना महाराजपुरा थाना क्षेत्र के भिंड रोड की बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार, रात करीब 12:30 से 1 बजे के बीच कार भिंड की ओर जा रही थी। बताया जा रहा है कि कार की रफ्तार करीब 120 से 125 किलोमीटर प्रति घंटे थी। एयरफोर्स स्टेशन के पास चालक ने वाहन से नियंत्रण खो दिया।
बेकाबू कार मकान की बाउंड्री वॉल तोड़कर सीधे आंगन में जा घुसी। इस दौरान कार वहां खड़ी दूसरी कार और ट्रैक्टर से टकराने के बाद पलट गई।
बाल-बाल बचे मकान में सो रहे लोग
हादसे के समय मकान के ऊपरी हिस्से में मकान मालिक का परिवार मौजूद था, जबकि आंगन में किराएदार का परिवार सो रहा था। तेज टक्कर के बावजूद मकान में मौजूद लोग बाल-बाल बच गए।
नशे में होने की भी सामने आई बात
पुलिस और प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कार सवारों के नशे में होने की आशंका जताई गई है। मौके से शराब की बोतलें मिलने की बात भी सामने आई है। हालांकि, इसकी पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।
हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोगों ने पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी। घायलों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया।
पुलिस जांच में जुटी
पुलिस ने कार को जब्त कर मामले की जांच शुरू कर दी है। घटनास्थल के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। पुलिस के अनुसार प्रथम दृष्टया तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाना हादसे की वजह माना जा रहा है। मामले की जांच के बाद दुर्घटना की पूरी तस्वीर स्पष्ट होगी।

