हंडिया : अमावस्या की पूर्व संध्या पर पागल बाबा आश्रम घाट पर सजी भक्ति की अनुपम छटा, महाआरती एवं दीपदान में उमड़ा श्रद्धा का सैलाब!
हंडिया। अमावस्या की पूर्व संध्या पर चौदस तिथि के पावन अवसर पर पागल बाबा आश्रम घाट पर श्रद्धा, भक्ति और आस्था का अद्भुत संगम देखने को मिला। यहां मां नर्मदा के पावन तट पर दीपदान कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसके बाद प्रतिदिन होने वाली संध्याकालीन आरती को विशेष रूप से महाआरती के रूप में संपन्न किया गया।
महाआरती के दौरान मां नर्मदा के जयघोषों से पूरा घाट क्षेत्र भक्तिमय वातावरण में सराबोर हो गया। श्रद्धालुओं ने दीप प्रज्ज्वलित कर मां नर्मदा से सुख, शांति और समृद्धि की कामना की। सैकड़ों दीपों की रोशनी से नर्मदा तट जगमगा उठा और मनोहारी दृश्य ने सभी को भावविभोर कर दिया।
इस अवसर पर भगवान भोलेनाथ की विशेष आरती भी की गई। श्रद्धालुओं ने “हर-हर महादेव” के उद्घोष के साथ भगवान शिव का पूजन-अर्चन कर उनका आशीर्वाद प्राप्त किया। आरती के दौरान उपस्थित श्रद्धालु भक्ति रस में डूबे नजर आए।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालु, मातृशक्ति एवं युवा शामिल हुए। भक्तों ने मां नर्मदा और भगवान शिव की आराधना कर क्षेत्र में सुख-समृद्धि एवं जनकल्याण की प्रार्थना की। आश्रम परिसर देर शाम तक भजन, आरती और धार्मिक अनुष्ठानों से गुंजायमान रहा।

