कलेक्टर सिद्धार्थ जैन की नागरिकों से सुझाव देने की अपील
हरदा : मध्य प्रदेश में प्रस्तावित समान नागरिक संहिता पर आमजन की राय जानने के लिए जिला प्रशासन हरदा ने नई पहल की है। अब जिले में आयोजित किए जा रहे जनकल्याणकारी शिविरों में विशेष हेल्प डेस्क लगाकर नागरिकों से सीधे सुझाव लिए जाएंगे।
कलेक्टर श्री सिद्धार्थ जैन ने इस संबंध में जिले के सभी मुख्य नगर पालिका अधिकारियों एवं मुख्य कार्यपालन अधिकारियों को निर्देश जारी किए हैं। उन्होंने कहा कि शिविरों में आने वाले प्रत्येक नागरिक तक पहुंच सुनिश्चित की जाए ताकि अधिक से अधिक लोग अपनी बात रख सकें।
कलेक्टर श्री जैन ने सभी नागरिकों, सामाजिक संगठनों, अधिवक्ताओं, महिला समूहों और प्रबुद्धजनों से अपील की है कि वे हेल्प डेस्क या पोर्टल ucc.mp.gov.in के माध्यम से समान नागरिक संहिता के संबंध में अपने विचार, सुझाव एवं आपत्तियां अवश्य दें । प्राप्त सुझावों को उच्च स्तरीय समिति को भेजा जाएगा।

