मकडा़ई एक्सप्रेस 24 लखनऊ ।शहर के अलीगंज इलाके के पूर्णिया क्षेत्र में सोमवार को एक कोचिंग सेंटर में भीषण आग लग गई। कोचिंग एक कमर्शियल बिल्डिंग की ऊपरी मंजिल पर चल रही थी। शुरुआती जानकारी के अनुसार आग एसी यूनिट में शॉर्ट सर्किट से लगी। देखते ही देखते धुआं और लपटों ने पूरी मंजिल को घेर लिया। जान बचाने के लिए कई छात्रों को बिल्डिंग से कूदना पड़ा। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोगों ने छात्रों को बाहर निकालने में मदद की।
रेस्क्यू और हालात
सूचना मिलते ही दमकल की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने के साथ रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। फायर विभाग के एक अधिकारी ने बताया कि आग बहुत तेज थी, जिसके कारण अंदर घुसना मुश्किल हो रहा था। बताया जा रहा है कि बिल्डिंग में 10-12 लोग फंसे हो सकते हैं। दमकलकर्मी लगातार आग पर काबू पाने और फंसे लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने की कोशिश कर रहे हैं।
प्रशासन अलर्ट
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने घटना का संज्ञान लिया है और अधिकारियों को मौके पर पहुंचकर राहत-बचाव कार्य तेज करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने घायलों के तुरंत इलाज और प्रभावितों को सभी संभव मदद उपलब्ध कराने को कहा है। फिलहाल आग लगने के सही कारणों और नुकसान का आकलन किया जा रहा है।

