केके यदुवंशी, पत्रकार
सिवनी मालवा। उपनगरी बानापुरा में कृषि उपज मंडी रोड स्थित एक स्पा सेंटर को लेकर उठे विवाद के बाद पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए उसे तत्काल बंद करा दिया। नागरिकों की शिकायतों और लगातार मिल रही सूचनाओं के बाद मामले ने तूल पकड़ा, जिसके बाद पुलिस हरकत में आई।
जानकारी के अनुसार, शहर के पत्रकार केके यदुवंशी, शशांक मिश्रा और शुभम शर्मा शिकायत मिलने पर मौके पर पहुंचे और ग्राहक बनकर स्पा सेंटर संचालक से बातचीत की।
इस दौरान संचालक ने बताया कि सेंटर में 2,000 से 5,000 रुपये तक की मसाज सेवाएं उपलब्ध कराई जाती हैं।
शहर के माहौल को देखते हुए पत्रकारों ने तत्काल थाना प्रभारी सुधाकर बारस्कर को इसकी सूचना दी। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी ने पुलिस टीम को मौके पर भेजा और स्पा सेंटर संचालक को पूछताछ के लिए थाने बुलाया। पूछताछ के दौरान संचालक पुलिस को संतोषजनक जवाब नहीं दे सका।
इसके बाद थाना प्रभारी के निर्देश पर पुलिस ने स्पा सेंटर को खाली कराकर तत्काल बंद करा दिया।
थाना प्रभारी सुधाकर बारस्कर ने बताया कि स्पा सेंटर को लेकर लगातार शिकायतें मिल रही थीं। शहर का माहौल खराब न हो और किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधियों पर रोक लगाई जा सके, इसलिए यह कार्रवाई की गई है। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि यदि कहीं भी इस तरह की अवैध या अनैतिक गतिविधियां संचालित होती दिखाई दें तो तुरंत पुलिस को सूचना दें।
गौरतलब है कि संबंधित क्षेत्र ग्रामीण पंचायत क्षेत्र में आता है। जनपद पंचायत सीईओ श्रुति चौधरी ने भी स्पष्ट किया कि उक्त स्पा सेंटर के संचालन के लिए पंचायत स्तर से कोई अनुमति जारी नहीं की गई थी और यह बिना अनुमति के संचालित हो रहा था।
समाचार प्रकाशित होने के बाद पुलिस की सक्रियता और त्वरित कार्रवाई से क्षेत्र में इस मुद्दे को लेकर चर्चा तेज हो गई है।

