शोभापुर बमकांड का मुख्य आरोपी गिरफ्तार, NSA के तहत भेजा गया जेल, भाजपा नेत्री के घर पर बम फेंकने वाले 30 से अधिक मामलों के आरोपी प्रवीण रजक पर पुलिस का बड़ा एक्शन
मकड़ाई एक्सप्रेस 24 | जबलपुर।
जबलपुर के शोभापुर में भाजपा नेत्री संगीता रजक के घर पर बम फेंकने की सनसनीखेज घटना के मुख्य आरोपी प्रवीण रजक को रांझी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। लंबे समय से फरार चल रहे आरोपी पर ₹5,000 का इनाम घोषित था। आरोपी की गिरफ्तारी को पुलिस की बड़ी सफलता माना जा रहा है।
पुलिस ने इलाके में पैदल घुमाकर दिया सख्त संदेश
गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने आरोपी को रांझी क्षेत्र में पैदल घुमाया। इस दौरान वह कान पकड़कर भविष्य में अपराध नहीं करने की बात कहता दिखाई दिया। पुलिस का कहना है कि आरोपी लगातार आपराधिक गतिविधियों में शामिल होकर क्षेत्र की कानून-व्यवस्था के लिए चुनौती बना हुआ था।
NSA के तहत की गई कार्रवाई
रांझी थाना प्रभारी उमेश गोल्हानी के अनुसार आरोपी को केंद्रीय जेल ले जाकर राष्ट्रीय सुरक्षा अधिनियम (NSA) के तहत वारंट तामील कराया गया, जिसके बाद उसे जेल भेज दिया गया। पुलिस ने बताया कि कई बार प्रतिबंधात्मक कार्रवाई के बावजूद आरोपी की गतिविधियों में सुधार नहीं आया, जिसके चलते उसके विरुद्ध NSA की कार्रवाई का प्रस्ताव भेजा गया था।
30 से अधिक गंभीर अपराधों का आरोपी
पुलिस के अनुसार प्रवीण रजक वर्ष 2017 से आपराधिक गतिविधियों में सक्रिय है। उसके खिलाफ हत्या के प्रयास, अवैध वसूली, मारपीट, विस्फोटक अधिनियम, आर्म्स एक्ट तथा गवाहों को धमकाने सहित 30 से अधिक आपराधिक मामले दर्ज हैं। उस पर एक शराब दुकान पर बमबाजी करने का भी आरोप है।
पुलिस का कहना है कि इस कार्रवाई से क्षेत्र में अपराधियों के खिलाफ कड़ा संदेश जाएगा और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए आगे भी सख्त कदम उठाए जाएंगे।

