हरदा : मुख्यालय के निर्देशानुसार जिले में 31 जुलाई से 6 अगस्त 2026 तक आयोजित सात दिवसीय सिविल डिफेंस वालेंटियर्स प्रशिक्षण के तीसरे दिन स्वयंसेवकों को अग्नि सुरक्षा, आग से बचाव एवं आपदा की स्थिति में त्वरित राहत संबंधी व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया गया।
प्रशिक्षण के दौरान प्लाटून कमांडर श्रीमती रक्षा राजपूत ने आग क्या है, आग का वर्गीकरण, अग्नि त्रिभुज, दहन का सिद्धांत, आग बुझाने की विभिन्न विधियां तथा अग्निशमन यंत्रों के सुरक्षित एवं प्रभावी उपयोग की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने आग लगने के प्रमुख कारणों तथा उनसे बचाव के उपायों पर भी स्वयंसेवकों को प्रशिक्षित किया।
इसके बाद हवलदार श्री दीपक ठाकुर एवं एसडीईआरएफ (SDERF) टीम द्वारा घर में आग लगने की स्थिति में राहत एवं सहायता कार्यों का प्रदर्शन किया गया। प्रशिक्षण में गैस सिलेंडर में आग लगने पर उसे सुरक्षित तरीके से नियंत्रित करने के उपायों का डेमो भी दिया गया। स्वयंसेवकों को बताया गया कि आपातकालीन परिस्थितियों में बिना घबराए सुरक्षा मानकों का पालन करते हुए त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई कैसे की जाए।
प्रशिक्षण के दौरान स्वयंसेवकों ने विभिन्न विषयों का व्यावहारिक अभ्यास भी किया। अधिकारियों ने बताया कि सात दिवसीय प्रशिक्षण का उद्देश्य स्वयंसेवकों को आपदा एवं अग्नि दुर्घटनाओं के दौरान राहत एवं बचाव कार्यों के लिए दक्ष बनाना है, ताकि आवश्यकता पड़ने पर वे आमजन की प्रभावी सहायता कर सकें।

