मकडा़ई एक्सप्रेस 24 लखीसराय। सावन के तीसरे सोमवार और नागपंचमी के दिन बिहार के लखीसराय स्थित प्रसिद्ध अशोक धाम मंदिर में सुबह भारी भगदड़ मच गई। इस हादसे में 7 कांवरियों की मौत हो गई है, जबकि एक दर्जन से अधिक श्रद्धालु घायल बताए जा रहे हैं। घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
भारी भीड़ के बीच अचानक मची अफरा-तफरी
जानकारी के अनुसार सावन का तीसरा सोमवार और नागपंचमी एक साथ होने के कारण मंदिर में सुबह से ही श्रद्धालुओं और कांवरियों की भारी भीड़ उमड़ रही थी। दूर-दराज से आए लोग भगवान भोलेनाथ को जल चढ़ाने के लिए पहुंचे थे।
पूजा-अर्चना के दौरान अचानक भीड़ का दबाव बढ़ गया। मंदिर के आने-जाने का रास्ता संकरा होने के कारण बाहर तक लंबी कतारें लग गई थीं। इसी बीच अचानक भगदड़ मच गई और लोग एक-दूसरे के ऊपर गिरने लगे।
7 की मौत, कई का इलाज जारी
इस दर्दनाक हादसे में 7 कांवरियों की मौके पर ही मौत हो गई। 12 से अधिक लोग घायल हुए हैं। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। एंबुलेंस की मदद से घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है। प्रशासन मृतकों की पहचान और परिजनों को सूचना देने की प्रक्रिया में जुटा है।
भीड़ प्रबंधन पर उठे सवाल
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक हादसे की मुख्य वजह अचानक बढ़ी भीड़ बताई जा रही है। हालांकि भगदड़ की वास्तविक वजह जांच के बाद ही स्पष्ट होगी।
इस घटना के बाद मंदिर की सुरक्षा व्यवस्था और भीड़ प्रबंधन पर सवाल खड़े हो गए हैं। सवाल उठ रहा है कि क्या प्रशासन ने सोमवार और नागपंचमी को ध्यान में रखते हुए प्रवेश-निकास के लिए अलग रास्ते, बैरिकेडिंग, पर्याप्त पुलिस बल और भीड़ नियंत्रण की व्यवस्था की थी।
फिलहाल इलाके में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है और स्थिति नियंत्रण में है। प्रशासन ने मामले की जांच के आदेश दे दिए हैं।

