हरदा : कलेक्टर सिद्धार्थ जैन की अध्यक्षता में सोमवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में जिला स्वास्थ्य समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले में स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति, योजनाओं के क्रियान्वयन और विभिन्न स्वास्थ्य कार्यक्रमों की समीक्षा की गई। बैठक में उन्होंने स्वास्थ्य सुविधाओं और मातृ-शिशु सुरक्षा को लेकर निर्देश दिये। कलेक्टर ने स्वास्थ्य अधिकारियों को निर्देशित किया कि जिले की सभी गर्भवती महिलाओं का समय पर पंजीयन सुनिश्चित किया जाए।
उन्होंने कहा कि गर्भवती महिलाओं की चारों अनिवार्य स्वास्थ्य जांचें समय पर पूरी की जाएं, ताकि प्रसव के दौरान किसी भी आपातकालीन स्थिति से बचा जा सके।
बैठक में कलेक्टर ने शिशु मृत्यु के कारणों पता लगाने हेतु शतप्रतिशत वर्बल एटोप्सी की जाए। उन्होने निर्देश दिये कि स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं के माध्यम से कुपोषित बच्चों का चिन्हांकन कर उन्हें पोषण पुनर्वास केन्द्र में भर्ती कराया जाए। उन्होने टीकाकरण कार्य की समीक्षा के दौरान निर्देशित किया कि ओवर ड्यू बच्चों का चिन्हांकन कर उनका टीकाकरण पूर्ण कराया जाए।
उन्होने कहा कि दस्तक अभियान के तहत सभी बच्चों का डिजिटाइजेशन अनिवार्य रूप से किया जाए। कलेक्टर ने बैठक में सभी अधिकारियों को स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर और समय पर उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। बैठक में मातृ-शिशु स्वास्थ्य, टीकाकरण और अस्पतालों में दवाओं एवं व्यवस्थाओं की उपलब्धता पर भी विस्तार से चर्चा की गई।
इस अवसर पर जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी अंजली जोसेफ जोनाथन, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी एच.पी. सिंह सहित अन्य स्वास्थ्य अधिकारी उपस्थित रहे।

