924 घरेलू और 254 कृषि पंप उपभोक्ता होंगे लाभान्वित, लो-वोल्टेज की समस्या में आएगी कमी
हरदा। मध्यप्रदेश मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी द्वारा विद्युत व्यवस्था को सुदृढ़ करने एवं ग्रामीण क्षेत्रों में गुणवत्तापूर्ण विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने के उद्देश्य से खामापड़वा में 33/11 केवी विद्युत उपकेंद्र का निर्माण किया गया है। यह उपकेंद्र आईएसओ 9001:2015 से प्रमाणित है।
महाप्रबंधक सुरेश कुमार द्वारा अवगत कराया गया कि उपकेंद्र के प्रारंभ होने से वितरण केंद्र हरदा उत्तर क्षेत्र के लगभग 6 ग्रामों को विद्युत आपूर्ति का लाभ मिलेगा। खामापड़वा उपकेंद्र से क्षेत्र के लगभग 924 घरेलू एवं 254 कृषि पंप उपभोक्ता लाभान्वित होंगे। इससे संबंधित क्षेत्र की विद्युत आपूर्ति व्यवस्था में सुधार के साथ वोल्टेज की गुणवत्ता एवं विद्युत आपूर्ति की विश्वसनीयता बढ़ेगी।
नवीन उपकेंद्र से विशेष रूप से कृषि उपभोक्ताओं को लाभ मिलेगा। विद्युत व्यवस्था मजबूत होने से लो-वोल्टेज की समस्या में कमी, फॉल्ट होने पर विद्युत आपूर्ति शीघ्र बहाल करने तथा विद्युत वितरण हानियों को कम करने में भी सहायता मिलेगी।
उपकेंद्र से जुड़े ग्रामीण क्षेत्रों में विद्युत आपूर्ति के बेहतर प्रबंधन से किसानों एवं अन्य उपभोक्ताओं को अधिक सुचारू और निर्बाध विद्युत सेवा उपलब्ध हो सकेगी। मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी द्वारा उपभोक्ताओं को सुरक्षित, विश्वसनीय एवं गुणवत्तापूर्ण विद्युत आपूर्ति उपलब्ध कराने के लिए विद्युत अधोसंरचना को लगातार मजबूत किया जा रहा है।

