शासकीय आईटीआई में हंगामा नए प्राचार्य ने लगायाशराब के नशे में गाली-गलौज और मारपीट का आरोप
केके यदुवंशी पत्रकार
सिवनी मालवा। शासकीय आईटीआई में गुरुवार को नए प्राचार्य के पदभार ग्रहण करते ही मारपीट का सनसनीखेज मामला सामने आया है। प्रशिक्षण अधिकारी पर प्राचार्य से गाली-गलौज कर बांस के डंडे से हमला करने का आरोप लगा है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार बैतूल से स्थानांतरित होकर आए नए प्राचार्य टेकचंद मेसराम ने गुरुवार दोपहर करीब 12 बजे आईटीआई सिवनी मालवा में पदभार संभाला। पदभार के बाद वे स्टाफ के साथ संस्थान का निरीक्षण कर रहे थे।
निरीक्षण के दौरान छात्रावास में प्रशिक्षण अधिकारी गुरुदत्त लेटे हुए मिले। प्राचार्य का आरोप है कि गौड़ नशे की हालत में थे। प्राचार्य ने उन्हें वरिष्ठ अधिकारी होने के नाते छात्रावास में रहने और बच्चों के पास न जाने की हिदायत दी और वापस कार्यालय लौट आए।
आरोप है कि करीब 20 मिनट बाद प्रशिक्षण अधिकारी गुरुदत्त हाथ में बांस का डंडा लेकर प्राचार्य कक्ष में पहुंचे और गाली-गलौज शुरू कर दी। उन्होंने प्राचार्य पर डंडे से हमला करने की कोशिश की। प्राचार्य ने पहला वार बचा लिया, लेकिन दूसरा वार पास खड़े कर्मचारी शुभम को लग गया। उस समय कार्यालय में अन्य कर्मचारी मौजूद थे,जिन्होंने बीच-बचाव कर गौड़ को बाहर निकाला।
प्राचार्य का आरोप है कि आरोपी ने उन्हें देख लेने की धमकी भी दी।घटना के बाद प्राचार्य टेकचंद मेसराम स्टाफ के साथ थाने पहुंचे। उन्होंने घटना के गवाह के तौर पर ज्योति, पार्वती अजय और शुभम के नाम शिकायत में लिखाए हैं। पुलिस ने प्राचार्य की शिकायत पर प्रशिक्षण अधिकारी गुरुदत्त गौड़ के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है।

