रहटगांव : भारतीय किसान संघ तहसील रहटगांव द्वारा मंगलवार को मंडी प्रांगण में भगवान बलराम जयंती उत्सव श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया गया। इस अवसर पर कार्यकर्ताओं ने भगवान बलराम की पूजा-अर्चना कर कार्यक्रम की शुरुआत की।
उत्सव के पश्चात भारतीय किसान संघ के कार्यकर्ता एवं किसान तहसील कार्यालय पहुंचे, जहां प्रधानमंत्री, मुख्यमंत्री एवं कलेक्टर के नाम तहसीलदार महोदय को विभिन्न किसान हितैषी मांगों को लेकर ज्ञापन सौंपा गया।
ज्ञापन में प्रमुख रूप से प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना में दावा राशि भुगतान की पारदर्शिता सुनिश्चित करने, सोयाबीन की समर्थन मूल्य पर खरीदी के पंजीयन शुरू करने तथा धान, मक्का सहित सभी खरीफ फसलों की समर्थन मूल्य पर खरीदी सुनिश्चित करने की मांग की गई।
किसानों ने अतिवृष्टि, वायरस एवं अन्य बीमारियों से खरीफ फसलों को हुए नुकसान की शासन स्तर से भरपाई कराने और फसल बीमा का लाभ दिलाने की मांग भी उठाई।
इसके अलावा जले हुए ट्रांसफार्मर बदलने के लिए ट्रांसफार्मर एंबुलेंस सेवा शुरू करने तथा 24 घंटे के भीतर ट्रांसफार्मर बदलने, रहटगांव डीएमओ में पर्याप्त मात्रा में डीएपी एवं यूरिया उपलब्ध कराने और खाद के बिल रहटगांव में ही बनाए जाने की मांग की गई। किसानों का कहना है कि बिल बनवाने के लिए उन्हें टिमरनी जाना पड़ता है।
ज्ञापन में ई-पोर्टल हमेशा चालू रखने, रहटगांव डीएमओ खाद गोदाम के लिए शीघ्र भूमि आवंटित करने, सीमांकन, खेत रास्ते एवं गोहो के सीमांकन संबंधी आवेदनों का समय-सीमा में निराकरण करने की मांग भी शामिल रही।
किसान संघ ने ग्राम पंचायतों में छोटे घास की भूमि पर अतिक्रमण संबंधी शिकायतों पर कार्रवाई करने, सोडलपुर मुख्य कान्हा बाबा चौक से अतिक्रमण हटाने तथा रहटगांव तहसील में धान की शासकीय खरीदी शुरू करने की मांग रखी।
इसके साथ ही पालतू जानवरों एवं सूअरों द्वारा फसलों को पहुंचाए जा रहे नुकसान पर कार्रवाई करने तथा धनपाड़ा से आमसागर और रहटगांव से छिदगांव-तमोली तक प्रधानमंत्री सड़क निर्माण की मांग भी ज्ञापन में की गई।
ज्ञापन सौंपने के दौरान तहसील एवं ग्राम इकाइयों के किसान, विभिन्न गांवों के किसान और भारतीय किसान संघ के कार्यकर्ता बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

