हरदा। मध्यप्रदेश उच्च न्यायालय एवं राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, जबलपुर के निर्देशानुसार “उल्लास: एक अभिनव प्रयोग 2026” के अंतर्गत 15 सितंबर को ए.डी.आर. सेंटर, जिला न्यायालय हरदा में न्यायिक अधिकारियों, अधिवक्ताओं एवं कर्मचारियों के लिए वृहद स्वास्थ्य परीक्षण शिविर आयोजित किया गया।
शिविर का शुभारंभ प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष श्री अरविंद रघुवंशी ने दीप प्रज्वलित कर किया। स्वास्थ्य विभाग द्वारा गठित जिला चिकित्सालय की टीम ने शिविर में उपस्थित लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण किया। चिकित्सक डॉ. दीपक ठाकुर एवं डॉ. प्रगति शर्मा सहित मेडिकल टीम ने स्वास्थ्य संबंधी जांच एवं आवश्यक सलाह प्रदान की।
शिविर में शुगर, ब्लड प्रेशर सहित विभिन्न प्राथमिक जांचें तत्काल की गईं तथा विस्तृत जांच के लिए कुल 159 लोगों के ब्लड सैंपल लिए गए। उपस्थितजनों की आभा आईडी भी बनाई गई।
यह स्वास्थ्य परीक्षण शिविर जिला न्यायालय हरदा के साथ-साथ तहसील न्यायालय टिमरनी एवं खिरकिया में भी आयोजित किया गया। ब्लड सैंपल की विस्तृत रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद आगामी शिविर में आवश्यक जांचों एवं रोग विशेषज्ञ चिकित्सकों से परामर्श की व्यवस्था की जाएगी।
प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश श्री अरविंद रघुवंशी ने न्यायिक व्यवस्था से जुड़े सभी अधिकारियों, कर्मचारियों एवं अधिवक्ताओं को स्वस्थ रहकर उत्साह और ऊर्जा के साथ सेवा करने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम का उद्देश्य “स्वस्थ तन-मन से बेहतर न्याय” की भावना को साकार करना है।
शिविर में न्यायिक अधिकारीगण, जिला अधिवक्ता संघ के अध्यक्ष जगदीश विश्वकर्मा, सचिव शैलेन्द्र जोशी, अधिवक्तागण एवं न्यायालयीन कर्मचारी उपस्थित रहे।

