तीन माह से किराया नहीं मिला, डीजल और मेंटेनेंस खर्च ने बढ़ाई मुश्किलें
हरदा। मुख्यमंत्री युवा अन्नदूत योजना के अंतर्गत खाद्यान्न परिवहन का कार्य कर रहे वाहन संचालकों ने जिला कलेक्टर को पत्र सौंपकर अपनी समस्याओं के निराकरण की मांग की है। संचालकों का कहना है कि पिछले तीन माह से उन्हें परिवहन का किराया नहीं मिला है, जिससे वाहन संचालन और परिवार का खर्च चलाना मुश्किल हो गया है।
संचालकों ने बताया कि डीजल के बढ़ते दाम, वाहन मेंटेनेंस, बीमा, टायर एवं अन्य खर्च लगातार बढ़ रहे हैं, लेकिन समय पर भुगतान नहीं होने से आर्थिक संकट गहराता जा रहा है। इसके अलावा वर्तमान परिवहन दरों को भी अपर्याप्त बताते हुए दरों में उचित वृद्धि की मांग की गई है।
वाहन संचालकों ने कलेक्टर से लंबित तीन माह का किराया शीघ्र जारी कराने, परिवहन दरों में 25 प्रतिशत वृद्धि करने तथा भुगतान व्यवस्था नियमित करने की मांग की है। संचालकों का कहना है कि समय पर भुगतान नहीं हुआ तो योजना के तहत परिवहन कार्य प्रभावित होने की स्थिति बन सकती है।

