हरदा : अंतर्राष्ट्रीय बालिका दिवस के अवसर पर जिला कार्यक्रम अधिकारी, महिला एवं बाल विकास विभाग विवेक शर्मा के मार्गदर्शन में बाल भवन बायपास स्थित सशक्त वाहिनी कक्षाओं में बालिकाओं के सर्वांगीण विकास के लिए खेल एवं रचनात्मक गतिविधियों का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में कैरम बोर्ड प्रतियोगिता, शतरंज प्रतियोगिता, निबंध लेखन सहित विभिन्न गतिविधियां आयोजित की गईं।
कैरम और शतरंज के माध्यम से बालिकाओं में एकाग्रता, धैर्य, तार्किक सोच और निर्णय लेने की क्षमता विकसित करने पर जोर दिया गया, वहीं निबंध लेखन के माध्यम से उन्हें बालिका शिक्षा, महिला सशक्तिकरण और लैंगिक समानता जैसे विषयों पर अपने विचार व्यक्त करने के लिए प्रेरित किया गया।
इस दौरान बताया गया कि अंतर्राष्ट्रीय बालिका दिवस का उद्देश्य बालिकाओं के अधिकारों, शिक्षा, स्वास्थ्य और सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाना है। बालिकाओं को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के साथ व्यक्तित्व विकास और आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है। कार्यक्रम में महिला एवं बाल विकास विभाग के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।

