चांदी की पालकी में निकली भव्य शोभायात्रा, नगर में जगह-जगह हुआ स्वागत
टिमरनी। अग्रवाल समाज के आराध्य एवं युगपुरुष भगवान कुल शिरोमणि अग्रसेन महाराज की जयंती टिमरनी में हर्षोल्लास और धूमधाम के साथ मनाई गई। इस अवसर पर सामाजिक बंधुओं ने धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों में उत्साहपूर्वक भाग लिया। जयंती के उपलक्ष्य में लगभग एक सप्ताह तक विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया।
जयंती के अवसर पर भगवान अग्रसेन महाराज की चांदी की पालकी में भव्य शोभायात्रा निकाली गई। शोभायात्रा में समाज के लोगों ने श्रद्धा और भक्ति के साथ भाग लिया तथा पालकी का पूजन-अर्चन कर भगवान अग्रसेन महाराज का आशीर्वाद प्राप्त किया। गाजे-बाजे के साथ निकली शोभायात्रा से नगर का माहौल भक्तिमय हो गया।
शोभायात्रा का नगर परिषद, वैश्य समाज, देवी मंडलों एवं विभिन्न राजनीतिक संगठनों द्वारा स्वागत किया गया। नगर के विभिन्न मार्गों से होते हुए शोभायात्रा अग्रवाल भवन पहुंची, जहां कार्यक्रम का समापन हुआ।
भगवान अग्रसेन महाराज की जयंती के आयोजन ने समाज में एकता, भाईचारे और धार्मिक आस्था का संदेश दिया। सामाजिक बंधुओं की सहभागिता से पूरा आयोजन उत्साह और उल्लास के वातावरण में संपन्न हुआ।

