रियाद अपडेट। यमन के हूती विद्रोहियों द्वारा सऊदी अरब पर लगातार हो रहे हमलों के बाद खाड़ी क्षेत्र में तनाव बढ़ गया है। अंतरराष्ट्रीय मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार सुरक्षा कारणों से सऊदी अरब के क्राउन प्रिंस मोहम्मद बिन सलमान की सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है और उन्हें अधिक सुरक्षित स्थान पर शिफ्ट किया गया है।
रिपोर्ट्स में दावा किया जा रहा है कि क्राउन प्रिंस को आखिरी बार मंगलवार को एक राष्ट्रीय रक्तदान कार्यक्रम के दौरान सार्वजनिक रूप से देखा गया था।
रियाद एयरपोर्ट पर हमले का दावा
अमेरिकी अखबार वॉल स्ट्रीट जर्नल की एक रिपोर्ट के हवाले से बताया जा रहा है कि बीते शनिवार को राजधानी रियाद के किंग खालिद अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर मिसाइल हमला हुआ। रिपोर्ट के अनुसार यह बीते कुछ वर्षों में सऊदी अरब पर हुए बड़े हमलों में से एक बताया जा रहा है।
दावे के मुताबिक इस हमले में कई लोग हताहत हुए हैं और हवाई अड्डे पर उड़ान संचालन प्रभावित हुआ है। हालांकि सऊदी सरकार की ओर से हताहतों की संख्या को लेकर आधिकारिक आंकड़ा अभी जारी नहीं किया गया है। पिछले कुछ दिनों में एयरपोर्ट को कई बार निशाना बनाए जाने की खबरें भी सामने आई हैं।
सुरक्षा के कड़े इंतजाम
बताया जा रहा है कि मौजूदा हालात को देखते हुए क्राउन प्रिंस की सुरक्षा के लिए विशेष सुरक्षा दस्ता तैनात किया गया है। उन्हें बंकर सुविधा वाले सुरक्षित महल में रखा गया है।
सऊदी अरब का सख्त रुख
इस बीच सऊदी अरब के ऊर्जा मंत्री प्रिंस अब्दुलअजीज बिन सलमान ने कहा है कि देश पर हुए हमलों का जवाब गंभीरता से दिया जाएगा। सऊदी अरब का कहना है कि वह अपनी राष्ट्रीय सुरक्षा से कोई समझौता नहीं करेगा।
गौरतलब है कि सऊदी अरब लंबे समय से यमन में हूती विद्रोहियों के खिलाफ गठबंधन का नेतृत्व कर रहा है। हूतियों को ईरान समर्थित माना जाता है। पिछले कुछ हफ्तों में सीमा पार मिसाइल और ड्रोन हमलों में तेजी आई है, जिससे पूरे खाड़ी क्षेत्र की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है।
(साभार – इंटरनेट मीडिया)

