जयपुर। राजस्थान के कोटा में एक चौंकाने वाला घटनाक्रम सामने आया है। यहां एक युवक ने तीस हजार रूपए के लिए अपने सगे भांजों की जान लेने की कोशिश की है। युवक ने अपने जीजा से 30 हजार रूपए मांगे थे लेकिन जीजा ने रुपए देने से मना कर दिया। इससे गुस्साए युवक ने अपने भांजों का गला रेत दिया। इसके बाद उसने खुद की जान लेने की कोशिश भी की। फिलहाल तीनों को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है।
पुलिस के मुताबिक आरोपी गौरव बिहार के छपरा का रहने वाला है और दिल्ली में कैब चलाता है। उसके जीजा सेना में सिपाही नीरज सिंह ने पिछले दिनों एक कार खरीदी थी। इस कार को गौरव और उसका भाई चंडीगढ़ से कोटा लेकर आए थे। गौरव ने नीरज से कुछ रुपए मांगे तो नीरज ने उसे दस हजार रूपए दे दिए। कुछ वक्त बाद गौरव ने 30 हजार रुपए की और मांग की। इस पर नीरज ने उसे पैसे देने से मना कर दिया। इससे गुस्सा होकर गौरव ने अपने दो साल और पांच साल के दो भांजों पर हमला कर दिया।
पांच साल के भांजे ने दिखाई हिम्मत
पुलिस के अनुसार गौरव के इरादों को उसके पांच साल के भांजे ने ही नाकाम कर दिया। गौरव ने दोनों भांजों निकुंज और क्यान पर हमला करने के पहले घर का गेट बंद कर लिया था। गौरव ने पहले निकुंज पर हमला किया और उसे मरा समझकर दूसरे कमरे में बैठे क्यान पर हमला कर दिया।
इसी दौरान खून से लथपथ 5 साल के निकुंज ने बहादुरी दिखाई और गेट खोल कर शोर मचा दिया। इससे उसकी मां और पड़ोसी वहां आ गए। भीड़ देखकर आरोपी गौरव ने खुद को एक कमरे में बंद कर लिया और खुद का गला काटकर जान देने की कोशिश की। वह इसमें नाकाम रहा तो पंखे से भी लटकने का प्रयास किया। इसी दौरान आर्मी के जवान मौके पर पहुंच गए। उन्होंने गेट तोड़कर गौरव को हिरासत में लिया। अभी तीनों अस्पताल में भर्ती है। वहीं पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।