हंडिया : सरस्वती शिशु मंदिर हंडिया की कक्षा पाँचवीं में निकला सांप — अफरा-तफरी का माहौल, बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाला गया,,,,
हंडिया। नगर के सरस्वती शिशु मंदिर विद्यालय में उस समय हड़कंप मच गया, जब कक्षा पाँचवीं के कमरे में एक सांप दिखाई दिया।
अचानक हुई इस घटना से विद्यालय परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। शिक्षकगणों ने तत्काल सतर्कता दिखाते हुए बच्चों को सुरक्षित रूप से कक्षा से बाहर निकाल लिया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सुबह के समय बच्चे अपनी कक्षा में पढ़ाई कर रहे थे, तभी ऊपर टीन की छत के पास रेंगते हुए सांप को देखकर बच्चों में चीख-पुकार मच गई। स्थिति को संभालते हुए शिक्षकों ने तत्काल विद्यालय प्रबंधन को सूचना दी।
बताया जा रहा है कि सांप को पकड़ा नहीं जा सका और वह विद्यालय परिसर से भाग गया। इससे बच्चों और अभिभावकों में भय का माहौल बना हुआ है।
घटना के बाद विद्यालय प्रबंधन ने बताया कि परिसर की सफाई का कार्य शीघ्र ही कराया जाएगा, ताकि भविष्य में ऐसी कोई स्थिति उत्पन्न न हो।
इस घटना के बाद से अभिभावकों में भी चिंता का वातावरण है। उनका कहना है कि बच्चों की सुरक्षा सर्वोपरि है, इसलिए स्कूलों में नियमित रूप से साफ-सफाई का कार्य किया जाना आवश्यक है।

