इन्दौर। नागरिकों के स्वास्थ्य और उपभोक्ता हितों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए इंदौर आबकारी विभाग ने सोमवार को एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया। सिमरोल क्षेत्र स्थित माउण्ट एवरेस्ट ब्रेवरीज लिमिटेड (मेमदीग्राम) में निर्मित विभिन्न ब्रांडों की लगभग 2 लाख 23 हजार 316 लीटर एक्सपायर्ड बीयर को नियमानुसार नष्ट किया गया। नष्ट किए गए इस स्कंध का अनुमानित डिस्टलरी मूल्य करीब 1.75 करोड़ रुपये आंका गया है।
सहायक आबकारी आयुक्त अभिषेक तिवारी ने बताया कि उक्त बीयर मध्यप्रदेश के अलावा दिल्ली, असम और महाराष्ट्र राज्यों में निर्यात के लिए तैयार की गई थी। हालांकि, संबंधित राज्यों से समय पर मांग (डिमांड) प्राप्त नहीं होने के कारण इसे निश्चित अवधि के भीतर प्रदाय नहीं किया जा सका। बीयर की निर्माण तिथि से 6 माह की अवधि बीत जाने के बाद इकाई प्रभारी ने विभाग को इसकी सूचना दी थी।
तीन दिन चली नष्टीकरण की प्रक्रिया
उपायुक्त आबकारी संजय तिवारी की अध्यक्षता में गठित विशेष समिति की निगरानी में यह पूरी कार्रवाई तीन दिनों तक चली। विभाग ने अत्यंत सतर्कता बरतते हुए पहले बोतलों में भरी बीयर को बहाकर नष्ट किया, वहीं केन में भरी बीयर को बुलडोजर और जेसीबी मशीनों से कुचलवा दिया। किसी भी प्रकार के दुरुपयोग को रोकने के लिए संपूर्ण प्रक्रिया की वीडियोग्राफी और फोटोग्राफी भी कराई गई।
समिति की उपस्थिति में सत्यापन
कार्यवाही के दौरान गठित समिति के सदस्य संजय तिवारी, अभिषेक तिवारी, इकाई प्रभारी प्रतीक्षा शर्मा, धर्मेंद्र जोशी, जहांगीर खान, राजेश जैन और आरएस पुरोहित सहित आबकारी उपनिरीक्षक मीना माल व अन्य स्टाफ उपस्थित रहा। विभाग ने स्पष्ट किया कि यह कदम इसलिए उठाया गया ताकि एक्सपायर्ड स्टॉक की किसी भी स्तर पर अवैध बिक्री या आपूर्ति की संभावना न रहे।

