हंडिया : गणेशोत्सव में छाया राजस्थानी रंग – गणपति मंदिर प्रांगण में स्थानीय कलाकारों की शानदार प्रस्तुतियों ने बांधा समां
हंडिया। गणेशोत्सव के अवसर पर नगर का वातावरण पूरी तरह भक्ति और सांस्कृतिक रंगों में डूबा हुआ है। रोजाना धार्मिक व सांस्कृतिक कार्यक्रमों के आयोजन से माहौल और भी भक्तिमय बनता जा रहा है। शनिवार की रात पुराने बस स्टैंड स्थित गणपति मंदिर प्रांगण में आयोजित राजस्थानी विशाल डांस एवं भजन प्रतियोगिता में स्थानीय कलाकारों ने अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया।
इस दौरान मंच पर जब स्थानीय कलाकार कुणाल नायक ने राजस्थानी नृत्य प्रस्तुत किए तो पूरा परिसर तालियों और जयकारों से गूंज उठा। राजस्थानी लोकधुनों और भक्ति गीतों पर उनके दमदार नृत्य ने सभी दर्शकों का दिल जीत लिया।
झूमते कदम, पारंपरिक वेशभूषा और मोहक अदाओं से कुणाल नायक ने ऐसा समां बांधा कि देर रात तक कार्यक्रम स्थल में उत्साह और उल्लास का माहौल छाया रहा।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालु, नगरवासी और गणपति भक्त मौजूद रहे। विशेष रूप से गांव के सरपंच लखन लाल भिलाला एवं उपसरपंच रण तिवारी ने अपनी उपस्थिति दर्ज कर कलाकारों का उत्साहवर्धन किया।
कार्यक्रम के दौरान सुरक्षा की दृष्टि से पुलिस टीम और समिति के सदस्यों ने सराहनीय भूमिका निभाई, जिससे श्रद्धालु निश्चिंत होकर भक्ति और संस्कृति का आनंद उठा सके।
गणपति भजनों से लेकर लोकनृत्य की रंगारंग प्रस्तुतियों तक, हर दिन गणपति मंदिर में उत्सव का माहौल देखने को मिल रहा है। कुणाल नायक की प्रस्तुतियों ने इस बार के गणेशोत्सव में सचमुच चार चांद लगा दिए।

