हितग्राहियों को मिले हितलाभ, आमजन की समस्याओं का हुआ निराकरण
हरदा : मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के तहत शुक्रवार को सिराली के गुर्जर छात्रावास भवन में क्लस्टर स्तरीय संवाद शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में विभिन्न योजनाओं के तहत हितग्राहियों को हितलाभ प्रदान किये गये। साथ ही आमजन की समस्याओं का निराकरण किया गया।
इस दौरान सिराली नगर परिषद अध्यक्ष अनीता कैलाश चंद्र अग्रवाल तथा उपाध्यक्ष सचिन श्याम बूचा, पुलिस अधीक्षक शशांक, अपर कलेक्टर अनुपमा चौहान, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अमित कुमार मिश्रा, एसडीएम खिरकिया रजनी वर्मा सहित अधिकारी कर्मचारी व जनप्रतिनिधि उपस्थित थे।
हितग्राहियों को किया हितलाभ वितरण
क्लस्टर स्तरीय जन विश्वास शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा संचालित योजनाओं के हितलाभ का वितरण किया गया। इस दौरान स्कूल शिक्षा विभाग की स्कूटी वितरण योजना के तहत 2 मेधावी छात्रों को स्कूटी, पीएम स्वनिधि योजना के तहत 9 हितग्राहियों को स्वीकृति पत्र, महिला बाल विकास विभाग द्वारा संचालित लाड़ली लक्ष्मी योजना के तहत 3 बालिकाओं को प्रमाण-पत्र, राजस्व विभाग अंतर्गत स्वामित्व योजना के तहत 7 हितग्राहियों को रजिस्ट्री,
आवासीय पट्टा योजना के तहत 10 हितग्राहियों को स्वीकृति पत्र, 1 हितग्राही को अभिलेख दुरूस्ती आदेश, 1 हितग्राही को नामांतरण आदेश व 1 हितग्राही को बंटवारा आदेश प्रदान किया गया। इस दौरान कृषि विभाग द्वारा 2 हितग्राहियों को ड्रिप सिंचाई योजना तथा उद्यानिकी एवं खाद्य प्रसंस्करण विभाग द्वारा प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना के तहत 2 हितग्राहियों को ड्रिप सिंचाई के स्वीकृति पत्र प्रदान किये गये।
कार्यक्रम में जिला व्यापार एवं उद्योग केन्द्र हरदा द्वारा मुख्यमंत्री उद्यम क्रांति योजना के तहत 1 हितग्राही तथा जिला अंत्यावसायी सहकारी विकास समिति हरदा द्वारा संत रविदास स्वरोजगार योजना के तहत 1 हितग्राही तथा टंट्या मामा आर्थिक कल्याण योजना के तहत 1 हितग्राही को स्वीकृति पत्र वितरित किये गये।
अधिकारियों ने ग्रामीणों को दी योजनाओं की जानकारी
क्लस्टर स्तरीय शिविर में विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने विभागों में संचालित विभिन्न योजनाओं की जानकारी नागरिकों को दी। इस अवसर पर विभिन्न विभागों द्वारा संचालित योजनाओं के स्टाल भी लगाये गये थे। साथ ही आधार कार्ड पंजीयन शिविर, स्वास्थ्य शिविर, फार्मर आईडी बनाने हेतु राजस्व शिविर भी आयोजित किये गये थे।
उद्यम संवाद कार्यक्रम में हितग्राहियों ने साझा किये अनुभव
जन विश्वास कार्यक्रम में उद्योग विभाग द्वारा उद्यम संवाद कार्यक्रम के तहत उद्यमियों से संवाद किया गया। उद्यम संवाद कार्यक्रम में प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के तहत हितग्राही राजेश कुशवाह ने एमपी ऑनलाइन के अपने अनुभवों व योजना से प्राप्त लाभ की जानकारी को साझा किया। इस दौरान आमजन से उनकी समस्याओं के संबंध में 37 आवेदन प्राप्त हुए। संबंधित अधिकारियों को आवेदनों के समय सीमा में निराकरण के निर्देश दिये गये।

