हरदा : कृषि उपज मण्डी प्रांगण हरदा में 1 अगस्त को ‘बलराम कृषि महोत्सव’ का आयोजन किया जाएगा। ‘बलराम कृषि महोत्सव’ की तैयारियों को लेकर कलेक्टर एवं जिला दण्डाधिकारी श्री सिद्धार्थ जैन ने विभिन्न विभागों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों को दायित्व सौंपे हैं।
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव भोपाल से वर्चुअल माध्यम से किसानों को संबोधित करेंगे। कार्यक्रम के सफल संचालन के लिए उप संचालक कृषि श्री प्रकाश ठाकुर को नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है।
कार्यक्रम के दौरान कार्यक्रम में आने वाले आगंतुकों, सांस्कृतिक कार्यक्रम, महिला, पुरूष, मीडिया व हितग्राहियों सहित अन्य की बैठक व्यवस्था हेतु मण्डी सचिव कृषि उपज मण्डी हरदा श्री हरनारायण भिलाला को दायित्व सौंपा गया है। कार्यक्रम स्थल पर लाईव टेलिकास्ट हेतु लीज लाईन की व्यवस्था,
कम्प्यूटर सिस्टम, मल्टीपरपस प्रिंटर, यूपीएस, कम्प्यूटर ऑपरेटर व कार्यस्थल पर कैमरे, एलईडी लाईट की व्यवस्था की मॉनिटरिंग हेतु जिला सूचना अधिकारी श्री परमिन्दर यादव, प्रबन्धक ई-गवर्नेंस सुश्री आयुषी विश्वकर्मा, प्रबन्धक लोक सेवा केन्द्र श्री नितिन वर्मा को दायित्व सौंपा गया है।
कार्यक्रम स्थल पर साफ सफाई, फायर ब्रिगेड व शौचालय व्यवस्था हेतु मुख्य नगर पालिका अधिकारी श्री रोशन सिंह बाथम तथा शुद्ध पेयजल व्यवस्था हेतु कार्यपालन यंत्री लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग श्री बी.आर. उइके को दायित्व सौंपा गया है।
कार्यक्रम में वाहनों की पार्किंग व्यवस्था हेतु जिला परिवहन अधिकारी श्री राकेश अहाके व प्रभारी अधिकारी यातायात श्री उमेश ठाकुर तथा चिकित्सा व्यवस्था मय एम्बूलेंस, चिकित्सक, पैरा मेडिकल स्टाफ सहित सम्पूर्ण व्यवस्था हेतु मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. एच.पी. सिंह को दायित्व सौंपा गया है।
कार्यक्रम स्थल पर विभिन्न विभागों से समन्वय कर कार्यक्रम स्थल पर प्रदर्शनी लगवाने की व्यवस्था हेतु अतिरिक्त मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत हरदा श्री प्रवीण इवने को नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है। कार्यक्रम में किसानों को पुरस्कार प्रदाय करने तथा मेघावी छात्रों को पुरस्कार प्रदाय करने हेतु सहायक कृषि श्री भागवत सिंह व जिला शिक्षा अधिकारी श्री डी.एस. रघुवंशी को दायित्व सौंपा गया है।
इसके अतिरिक्त आयोजन को सुव्यवस्थित एवं सफल बनाने के लिए मंच व्यवस्था, मंच संचालन, रंगोली एवं सजावट, पुष्प सज्जा, अतिथियों की बैठक व्यवस्था, सांस्कृतिक कार्यक्रम, किसानों के लिए जलपान एवं पेयजल, साफ-सफाई, पार्किंग, विद्युत व्यवस्था, चिकित्सा सुविधा, परिवहन, प्रदर्शनी, इंटरनेट एवं लाइव टेलीकास्ट सहित विभिन्न व्यवस्थाओं की जिम्मेदारी अलग-अलग विभागों के अधिकारियों को सौंपी गई है।
कलेक्टर श्री जैन ने निर्देश दिए हैं कि सभी अधिकारी अपने-अपने दायित्वों का निर्वहन कार्यक्रम से एक दिन पूर्व ही सुनिश्चित करें, ताकि आयोजन के दौरान किसी प्रकार की असुविधा न हो। उन्होंने सभी विभागों के बीच बेहतर समन्वय बनाकर कार्यक्रम को सफल बनाने पर जोर दिया है।
बलराम महोत्सव में किसानों को कृषि संबंधी योजनाओं, आधुनिक तकनीकों तथा विभागीय गतिविधियों की जानकारी देने के लिए विभिन्न विभागों द्वारा प्रदर्शनी भी लगाई जाएगी। साथ ही कार्यक्रम में उत्कृष्ट किसानों एवं मेधावी विद्यार्थियों का सम्मान भी किया जाएगा।

