हरदा / कलेक्टर श्री सिद्धार्थ जैन ने मंगलवार को जिला पंचायत के सभाकक्ष में आयोजित ‘जनसुनवाई’ कार्यक्रम में आए नागरिकों की समस्याएं सुनी और उपस्थित अधिकारियों को नागरिकों की समस्याओं के निराकरण के लिए निर्देश दिए। इस अवसर पर जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्रीमती सविता झानिया, संयुक्त कलेक्टर श्री सतीश राय, सुश्री रजनी वर्मा एवं श्री संजीव नागू के साथ-साथ एसडीम हरदा श्री कुमार शानू देवड़िया, एसडीएम टिमरनी श्री महेश बड़ोले, एसडीएम खिरकिया श्री अशोक डहेरिया सहित विभिन्न विभागों के जिला अधिकारी भी मौजूद थे। जनसुनवाई में ग्राम कपासी निवासी लक्ष्मीबाई ने कलेक्टर श्री जैन को आवेदन देकर शिकायत की कि पिछले 3 माह से राशन नहीं मिल रहा है, जिस पर उन्होने जिला आपूर्ति अधिकारी को आवेदिका की समस्या का निराकरण कराने के निर्देश दिये।
जनसुनवाई में हरदा शहर के वार्ड क्रमांक 25 के निवासियों ने कलेक्टर श्री जैन को आवेदन देकर नाले से अतिक्रमण हटाने की मांग की, जिस पर उन्होने मुख्य नगर पालिका अधिकारी हरदा को नाले से अतिक्रमण हटावाने के निर्देश दिये। जनसुनवाई में प्रताप सिटी कॉलोनी के निवासियों ने कलेक्टर श्री जैन को आवेदन देकर बरसात के पानी की निकासी नहीं होने तथा खाली प्लाटों में पानी जमा होने व गंदगी के संबंध में शिकायत की, जिस पर उन्होने मुख्य नगर पालिका अधिकारी को आवेदकों की समस्या का निराकरण कराने के निर्देश दिये। जनसुनवाई में ग्राम पचौला निवासी सोनु गाडरी ने कलेक्टर श्री जैन को आवेदन देकर अपनी कृषि भूमि का सीमांकन कराने की मांग की, जिस पर उन्होने तहसीलदार हंडिया को सीमांकन कराने के निर्देश दिये।

