सोशल मीडिया पर विज्ञापन देखकर किया था हुआ संपर्क
मकडा़ई एक्सप्रेस 24 इंदौर। राजेंद्र नगर क्षेत्र में वर्क फ्रॉम होम और पार्ट टाइम जॉब के नाम पर साइबर ठगों ने एक छात्रा को निशाना बनाया। इंस्टाग्राम पर नौकरी का विज्ञापन देखकर संपर्क करने वाली छात्रा से आरोपियों ने रजिस्ट्रेशन, लैपटॉप, इंश्योरेंस और इनकम टैक्स क्लीयरेंस के नाम पर किस्तों में रुपए जमा करवा लिए। शिकायत पर पुलिस ने बुधवारा थाने में धोखाधड़ी का केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
ऐसे फंसाया जाल में
पीड़िता छात्रा ने बताया, 13 सितंबर को वह मोबाइल पर इंस्टाग्राम चला रही थी तो नौकरी का विज्ञापन दिखा। विज्ञापन पर क्लिक करते ही उसका नंबर संबंधित एजेंसी तक पहुंच गया। इसके बाद एक व्यक्ति ने कॉल कर खुद को रिक्रूटर बताया और कहा कि उसका नंबर जॉब के लिए शॉर्टलिस्ट हुआ है। पहले रजिस्ट्रेशन फीस के नाम पर उससे 1500 रुपये ट्रांसफर करा लिए।
लैपटॉप और सिक्योरिटी के नाम पर जमा कराई राशि
अगले दिन खुद को नामी एजुकेशनल कंपनी का प्रतिनिधि बताने वाले व्यक्ति ने छात्रा को कॉल किया। नौकरी पक्की होने की बात कहते हुए कंपनी की ओर से लैपटॉप और मोबाइल देने का झांसा दिया। इसके लिए सिक्योरिटी डिपॉजिट के नाम पर 9,600 रुपये जमा करवाए। इसके बाद छह महीने के इंश्योरेंस के नाम पर 4,800 रुपये और लिए।
पेमेंट शो नहीं होने का बहाना
आरोपियों ने कुछ देर बाद फिर कॉल किया और कहा कि आधा पेमेंट होने के कारण सिस्टम में एंट्री नहीं दिख रही है। इस बहाने 4,800 फिर 9,600 रुपये दोबारा जमा करवा लिए। इस तरह कुल 45 हजार रुपये की ठगी कर ली गई।

