बीना। मध्य प्रदेश के सागर में देर रात बड़ा हादसा हो गया। जहां मजदूरों से भरी ट्रैक्टर ट्राली को डंपर ने टक्कर मार दी। इस घटना में 15 से ज्यादा लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। जिनमें बच्चे और महिलाएं भी शामिल है। सभी घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है।
यह पूरी घटना बीना थाना क्षेत्र की है। जानकारी के मुताबिक, कटनी के रहने वाले मजदूर फसल काटने के बाद ट्रैक्टर ट्राली से रेलवे स्टेशन जा रहे थे। इस दौरान बीना के खिमलासा रोड ग्राम धनोरा के पास हादसे का शिकार हो गए। बताया जा रहा है कि तेज रफ्तार डंपर ने मजदूरों से भरी गाड़ी को जोरदार टक्कर मार दी। इस घटना में डेढ़ दर्जन से ज्यादा घायल हो गए।
हादसे के बाद चीख पुकार मच गई। आनन-फानन में सभी को पुलिस और निजी वाहनों से सिविल अस्पताल पहुंचाया गया। घटना की सूचना पर एसडीएम समेत प्रशासनिक अधिकारी भी मौके पर पहुंचे। घायलों में बच्चे और महिलाएं भी शामिल है। सभी सरकारी अस्पताल डॉक्टर के अलावा प्राइवेट हॉस्पिटल से भी डॉक्टर और स्टाफ को बुलाना पड़ा। फिलहाल घायलों का इलाज जारी है। खबर लिखे जाने तक किसी की मौत की खबर नहीं है।

