बानापुरा-हरदा मुख्य मार्ग पर अतिक्रमण का कब्जा, आधे से ज्यादा सड़क पर लगे गिट्टी के ढेर
केके यदुवंशी पत्रकार
सिवनी मालवा।नर्मदापुरम हरदा को जोड़ने वाले मुख्य मार्ग पर इन दिनों अव्यवस्था का आलम है। व्यापारियों ने मुख्य सड़क को ही गोदाम बना दिया है। ट्रकों से लाकर सड़क पर ही गिट्टी के बड़े-बड़े ढेर लगा दिए गए हैं, जिससे यह मार्ग राहगीरों के लिए जानलेवा बन गया है।
स्थानीय लोगों के अनुसार, व्यापारी सरेआम मुख्य सड़क पर गिट्टी के ढेर लगाकर व्यापार कर रहे हैं। अतिक्रमण के कारण सड़क की चौड़ाई आधी रह गई है। सड़क पर बिखरी गिट्टी और छोटे-छोटे पत्थरों से दोपहिया वाहन चालकों को सबसे अधिक परेशानी हो रही है। फिसलन के कारण कई वाहन चालक गिरकर घायल हो चुके हैं।
दिन के समय तो लोग जैसे-तैसे निकल जाते हैं, लेकिन रात के अंधेरे में सड़क पर पड़ी गिट्टी दिखाई नहीं देती, जिससे बड़े हादसे का खतरा बना रहता है। सड़क पर जाम की स्थिति बनने से पैदल चलना भी मुश्किल हो गया है। कई बार शिकायत के बाद भी जिम्मेदार विभाग ने इस ओर ध्यान नहीं दिया।
नागरिकों ने प्रशासन से मांग की है कि मुख्य मार्ग पर लगे गिट्टी के अवैध ढेरों को तुरंत हटवाया जाए और सड़क पर अतिक्रमण कर व्यापार करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि किसी बड़ी अनहोनी को रोका जा सके।
इनका कहना।
ऐसे दुकानदारों को चिन्हित कर नोटिस जारी किया जाएगा और जुर्माना की कार्रवाई की जाएगी।
अमर सिंह उइके, मुख्य नगर पालिका अधिकारी,
सिवनी मालवा।

