फोरलेन पर घेराबंदी होते ही चालक ने छोड़ा वाहन, 371 घन फीट से ज्यादा अवैध रेत बरामद,,,,
हंडिया। अवैध रेत उत्खनन एवं परिवहन के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना हंडिया पुलिस ने तड़के बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध रेत से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली जब्त की है। पुलिस की कार्रवाई के दौरान चालक वाहन छोड़कर अंधेरे का फायदा उठाते हुए मौके से फरार हो गया। जब्त किए गए ट्रैक्टर-ट्रॉली और रेत की कुल कीमत करीब 9 लाख 15 हजार रुपये बताई गई है।
पुलिस के अनुसार, 7 सितंबर 2026 को गश्त के दौरान मुखबिर से सूचना मिली थी कि नेमावर की ओर से फोरलेन एनएच-47 के रास्ते नीले रंग के फार्मट्रैक ट्रैक्टर क्रमांक MP 37 ZH 3757 में बिना नंबर की ट्रॉली जोड़कर अवैध रेत का परिवहन किया जा रहा है।
सूचना मिलते ही हंडिया पुलिस टीम ने स्वतंत्र साक्षियों को साथ लेकर ग्राम बागरुल के पास फोरलेन रोड ब्रिज पर घेराबंदी की। इसी दौरान पुलिस टीम को ट्रैक्टर-ट्रॉली आती दिखाई दी। पुलिस को देखकर चालक वाहन रोककर अंधेरे का फायदा उठाते हुए मौके से फरार हो गया।
ट्रॉली में मिली 371.5184 घन फीट रेत
पुलिस टीम ने साक्षियों की मौजूदगी में ट्रॉली की तलाशी ली तो उसमें 371.5184 घन फीट अवैध रेत भरी मिली। पुलिस ने मौके से फार्मट्रैक ट्रैक्टर, बिना नंबर की नीले रंग की ट्रॉली और अवैध रेत को विधिवत जब्त किया।
जब्त मशरूके में फार्मट्रैक ट्रैक्टर कीमती करीब 7 लाख रुपये, ट्रॉली करीब 2 लाख रुपये और अवैध रेत करीब 15 हजार रुपये, इस प्रकार कुल 9 लाख 15 हजार रुपये का मशरूका शामिल है।
फरार चालक की तलाश जारी
पुलिस ने जब्त ट्रैक्टर-ट्रॉली को सुरक्षित थाना परिसर में खड़ा कराया है। मामले में अपराध क्रमांक 397/2026 के तहत धारा 303(2) बीएनएस एवं धारा 4/21 खान एवं खनिज (विकास और विनियमन) अधिनियम में प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी गई है। पुलिस फरार चालक की पहचान और तलाश में जुटी है।

