हरदा। जिले में दो अलग-अलग घटनाओं में एक 58 वर्षीय व्यक्ति और एक वर्षीय मासूम बच्ची की मौत हो गई। दोनों मामलों में पुलिस जांच कर रही है।
केस नंबर-1 : बुजुर्ग की अज्ञात कारणों से मौत
सुमेर सिंह राजपूत (58 वर्ष) निवासी विजय नगर कॉलोनी, हरदा, छिपानेर रोड बड़ी नहर के पास स्थित अपने घर में थे। इसी दौरान उनकी मौत हो गई।
मौत के कारण फिलहाल स्पष्ट नहीं हो पाए हैं और अज्ञात बताए जा रहे हैं। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। शव का पोस्टमार्टम जिला अस्पताल हरदा में कराया गया है। पीएम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो पाएगा।
केस नंबर-2 : पानी से भरी बाल्टी में गिरने से मासूम की मौत
मोनिका पदम आदिवासी भील (1 वर्ष), निवासी खेड़ा खेलते-खेलते पानी से भरी बाल्टी में गिर गई। घटना सुबह करीब 9 बजे की बताई जा रही है। उस समय बच्ची की मां घर की लिपाई कर रही थी, जबकि पिता काम के लिए बाहर गए थे।
करीब 9:30 बजे बच्ची परिजनों को दिखाई दी, जिसके बाद उसे जिला अस्पताल हरदा लाया गया। हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उसे भोपाल रेफर किया, लेकिन रास्ते में ही बच्ची ने दम तोड़ दिया।
मोनिका 6 भाई-बहनों में चौथे नंबर की थी। मासूम की मौत से परिवार में मातम पसरा हुआ है। शव का पोस्टमार्टम जिला अस्पताल हरदा में कराया गया।

