जबलपुर। तिलवारा थाना अतंर्गत विशाल मेगा मार्ट के पास कल देर रात भेड़ाघाट नगर पंचायत अध्यक्ष के बेटे नीलेश लोधी पर तीन बदमाशों ने चाकू से जानलेवा हमला कर दिया। इस हमले में घायल नीलेश लोधी को गंभीर चोटें आई है। उसे इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भरती कराया गया है। बताया गया है कि घायल युवक व हमलावर प्रापर्टी का कारोबार करते है| कुछ समय पहले दोनों के बीच व्यवसायिक विवाद हो गया था| घटना को उसी का परिणाम माना जा रहा है।
तिलवारा पुलिस थाने से प्राप्त जानकरी के अनुसार भेड़ाघाट निवासी नगर पंचायत अध्यक्ष चतुर सिंह का बेटा नीलेश लोधी कल देर रात तिलवारा होते हुए अपने घर भेड़ाघाट जा रहा था, तभी रास्ते में शाल मेगा मार्ट के सामने आरोपी जीतू पटेल ने अपने साथी अंकित और सचिन के साथ नीलेश को रोका और गाली गलौज शुरु कर दी। विरोध करने पर चाकू निकालकर ताबड़तोड़ हमले किए, जिससे नीलेश के शरीर पर गंभीर चोटें आई । घटना की सूचना मिलते ही उनके पिता भेड़ाघाट नगर पंचायत चतुर सिंह मौके पर पहुंचे| घायल नीलेश को इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया। बताया जाता है कि घायल और हमलावर प्रॉपर्टी व्यवसाय से जुड़े हुए है। पिछले दिनों एक प्रॉपर्टी की खरीद-फरोख्त को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ था। पुलिस के मुताबिक जीतू पटेल आदतन अपराधी है, जिसके खिलाफ अवैध वसूली और मारपीट जैसे कई मामले दर्ज हैं। हाल ही में जेल से छूटने के बाद वह अपने साथियों के साथ फिर से प्रॉपर्टी का काम करने लगा था। पुलिस का कहना है कि चौकीताल निवासी जीतू पटेल व उसके साथियों के खिलाफ अपराधिक प्रकरण दर्ज कर लिया गया है।

