हंडिया : मां नर्मदा सड़क घाट पर कचरे का कब्ज़ा! टूटा नाडेप बना दुर्गंध का अड्डा: गांव के सरपंच सचिव ने आंखों पर बांध ली पट्टी !
दीपावली नज़दीक, लेकिन जिम्मेदारों की नींद अभी भी गहरी — धार्मिक स्थलों और ग्राम की सफाई पर उठे सवाल
हंडिया। मां नर्मदा के पवित्र सड़क घाट की पवित्रता पर लापरवाही की मोटी परत चढ़ चुकी है। घाट पर बना नाडेप कई दिनों से टूटा पड़ा है, जिससे सड़ा हुआ कचरा और दुर्गंध आसपास के मार्ग पर फैल गया है। श्रद्धालु, महिलाएं और बुजुर्ग सभी को इस मार्ग से गुजरने में ख़ासी परेशानी उठानी पड़ रही है।
स्थानीय निवासी दीपक केवट, संजय प्रजापति और अनिल केवट
का कहना है कि घाट क्षेत्र में सफाई का कार्य केवल कागज़ों पर ही चल रहा है। ऐसा प्रतीत होता है कि प्रशासन और पंचायत के अधिकारी धार्मिक स्थलों की स्वच्छता को लेकर पूरी तरह लापरवाह हो गए हैं। नाडेप टूटने के बाद लगातार कचरा जमा हो रहा है, जिससे वातावरण असहनीय बन गया है।
जहां आस्था झुकती है, वहीं आज बदबू फैली है — मां नर्मदा घाट की यह दुर्दशा प्रशासन की लापरवाही का जीता-जागता उदाहरण है। स्थानीय श्रद्धालु सौरभ अग्निहोत्री
अब दीपावली जैसे प्रमुख पर्व में कुछ ही दिन शेष हैं, जब पूरा ग्राम रोशनी और स्वच्छता से जगमगाने की तैयारी करता है। लेकिन धार्मिक स्थलों पर सफाई व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है।
कचरा ढेरों में जमा है, नालियों की सफाई अधूरी है और सड़क घाट जैसे आस्था स्थलों पर गंदगी का साम्राज्य कायम है।
स्थानीय नागरिकों ने कहा कि दीपावली के पहले जहां ग्राम को चमकना चाहिए, वहीं हंडिया में गंदगी और बदबू प्रशासन की कार्यशैली पर प्रश्नचिन्ह लगा रही है।

