हरदा :- मनरेगा अभियंता संघ म.प्र. जिला हरदा के सदस्यों द्वारा हरदा विधायक डॉ. रामकिशोर दोगने के निवास पर पहुंचकर हरदा विधायक को अपनी 08 सूत्रीय मांगों से अवगत कराते हुए ज्ञापन सौपा। जिस पर हरदा विधायक डॉ. दोगने द्वारा त्वरित कार्यवाही करते हुए मनरेगा अभियंता संघ म.प्र. की मांगों का समर्थन करते हुए म.प्र. के मुख्यमंत्री को पत्र प्रेषित कर मनरेगा अभियंता संघ म.प्र. की 08 सूत्रीय मांगो को पूर्ण किए जाने हेतु अनुरोध किया गया।
मनरेगा अभियंता संघ म.प्र. जिला हरदा द्वारा हरदा विधायक डॉ. दोगने को अपनी 08 सूत्रीय मांगों को लेकर सौंपे गए ज्ञापन में मांग की गई है कि
1. संविदा पारिश्रमिक की गणना नियुक्ति दिनांक की सेवा अवधि से समकक्ष सेवा अवधि वाले नियमित उपयंत्री के वेतन के समतुल्य करने एवं तदनुसार वार्षिक वेतन वृद्धि भी मिलने के आदेश तत्काल जारी हो।
2. मनरेगा उपयंत्री की मृत्यु होने पर आश्रितों को अनुकंपा नियुक्ति मिलने के आदेश तत्काल जारी हो।
3. मनरेगा उपयंत्रियों को किसी भी प्रकरण में पद से पृथक किये जाने के स्थान पर निलंबित किए जाने का आदेश तत्काल जारी हो।
4. जिला या प्रदेश स्तर पर आर.ई.एस. एवं मनरेगा के उपयंत्रियों की संयुक्त वरिष्ठता सूची अनुसार सहायक यंत्री के प्रभार दिए जाने के आदेश जारी हो (अधिकांश जिलों में आर.ई.एस. के जूनियर उपयंत्रियों को सहायक यंत्री का प्रभार मिला हुआ है)।
5. नियमित कर्मचारियों की भांति मनरेगा उपयंत्री हेतु उत्पादन (ग्रेजुएटी) भुगतान के आदेश तत्काल जारी हो एवं 01 अगस्त 2023 के बाद मृत या सेवानिवृत हुए उपयंत्रियों को भी इसका लाभ देने के आदेश हो।
6. संविदा सेवा का नवीनीकरण एक वर्ष नहीं 5 वर्ष की सी.आर. के आधार पर हो ताकि वित्तीय वर्ष के आखिर में उपयंत्रियों का शोषण न हो।
7. मनरेगा उपयंत्रियों से केवल और केवल तकनीकी कार्य ही कराये जाये। चूँकि मनरेगा माँग आधारित योजना है, इसे लक्ष्य आधारित योजना बनाकर उपयंत्रियों का शोषण बंद किया जाये।
8. मनरेगा के उपयंत्रियों का भी अपना परिवार होता है जिसका पोषण उसकी जिम्मेदारी होती है। अतः माह की प्रथम तारीख को वेतन मिल जाये, यह सुनिश्चित किया जाये।

