हंडिया में इतिहास बना, पहली बार महिलाओं-पुरुषों ने साथ निकाली कावड़, ‘बम-बम भोले’ से गूंजा पूरा शहर
हंडिया। सावन के दूसरे सोमवार को हंडिया में आस्था और भक्ति का अद्भुत नजारा देखने को मिला। इस बार यहां पहली बार महिलाओं और पुरुषों ने एक साथ मिलकर भव्य कावड़ यात्रा निकाली।
सुबह से ही नर्मदा तट पर श्रद्धालुओं की भीड़ जमा होने लगी। सभी ने पवित्र नर्मदा नदी में स्नान कर भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक किया। इसके बाद बैंड-बाजों और ढोल-नगाड़ों की गूंज के साथ कावड़ यात्रा शुरू हुई।
यात्रा में बड़ी संख्या में शिवभक्त शामिल हुए। कावड़िए कंधों पर कावड़ रखकर “बम-बम भोले” और “हर-हर महादेव” के जयकारे लगाते हुए चले। इस बार सबसे खास बात यह रही कि महिलाओं ने भी पीले वस्त्र पहनकर अलग से कावड़ उठाई। महिलाओं ने सिर पर कावड़ धारण कर पूरी श्रद्धा के साथ यात्रा की।
यात्रा मार्ग में जगह-जगह लोगों ने कावड़ियों का स्वागत किया। दूध, जल और बेलपत्र चढ़ाकर भक्तों ने भगवान शिव से सुख-समृद्धि की कामना की। पुजारियों ने विधि-विधान से पूजा कराई। पूरे क्षेत्र का माहौल भक्तिमय हो गया था।

