बरखेड़ी में दादी ने रिश्तों को किया शर्मसार बेटे की चाहत में की पोती की हत्या, गला घोटकर घर के कुएं में फेंका
केके यदुवंशी
सिवनी मालवा। ग्राम बरखेड़ी में एक दादी ने पोते की चाहत में अपनी 4 माह की पोती की हत्या कर दी। आरोपी मीनाबाई अश्वारे ने बच्ची के मुंह में गमछा ठूंसकर उसकी हत्या की। फिर शव को पोटली में बांधकर सूखे कुएं में फेंक दिया। घटना उस समय हुई जब बच्ची की मां मीरा घर के पीछे बर्तन मांज रही थी। बच्ची देहलान में झूले पर सो रही थी। मीनाबाई ने इस मौके का फायदा उठाया। हत्या के बाद वह संदेह से बचने
के लिए अपने बाड़े की सफाई करने लगी। बच्ची के गायब होने पर पूरे गांव में खोजबीन शुरू हुई। ग्राम कोटवार और बच्ची के दादा निर्भय सिंह ने कुएं में एक पोटली देखी। मीनाबाई ने पोटली को निकालने से रोक दिया। उसने बहाना बनाया कि पोटली में महावारी के कपड़े हैं। जब पुलिस ने पोटली खोली तो उसमें बच्ची का शव मिला। बच्ची के पिता शुभम अशवारे काम पर गए थे। उन्हें बच्ची के गायब होने की सूचना मिली। तीन दिन तक बच्ची कुएं में पड़ी रही। बाद में मीनाबाई ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। पुलिस ने उन्हें हिरासत में ले लिया है। शुभम ने न्याय की मांग की है।
थाना प्रभारी राजेश दुबे ने बताया कि फोरेंसिक विशेषज्ञ की सलाह पर दो डॉक्टरों की टीम ने जिला चिकित्सालय में पोस्टमार्टम किया। पीएम रिपोर्ट में खुलासा हुआ कि बच्ची के मुंह के अंदर 24 सेंटीमीटर लंबा और 10 सेंटीमीटर चौड़ा गमछे का टुकड़ा मिला, जिससे दम घुटने के कारण उसकी मौत हुई। पुलिस ने सख्ती से पूछताछ की तो मीनाबाई ने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया। उसके खिलाफ धारा 103(1) बीएनएस (मानव वध) के तहत
अपराध दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया गया है।

