जल संसाधन विभाग के अधिकारियों ने माचक उपनहर और मुहाल माइनर का किया निरीक्षण
हरदा : जल संसाधन विभाग के अधिकारियों ने 09 अक्टूबर को माचक उपनहर और मुहाल माइनर का निरीक्षण किया। इस दौरान वर्षाकाल में क्षतिग्रस्त हुई नहरों, पुलिया और हेड रेगुलेटर की स्थिति का जायजा लिया गया। अधिकारियों ने रबी सिंचाई शुरू होने से पहले नहरों की मरम्मत का कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान जल संसाधन विभाग, नर्मदापुरम के मुख्य अभियंता आर.आर. मीणा, तवा परियोजना मंडल नर्मदापुरम की अधीक्षण यंत्री प्रतिभा सिंह, माचक उपनहर जल संसाधन उपसंभाग खिड़कियां के अनुविभागीय अधिकारी रोहन विलियम्स, विद्युत एवं यांत्रिकी उपसंभाग हरदा के अनुविभागीय अधिकारी महेंद्र ओगले तथा उपयंत्री प्रेमित कुमार पाटिल उपस्थित रहे।
अधिकारियों ने मुहाल माइनर की चैन 72 पर स्थित पुलिया, चैन 0 पर बने हेड रेगुलेटर तथा माचक उपनहर में वर्षाकाल के दौरान क्षतिग्रस्त हुए हिस्सों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान नहरों की वर्तमान स्थिति का अवलोकन कर आवश्यक मरम्मत कार्यों के संबंध में जानकारी ली गई।
मुख्य अभियंता आर.आर. मीणा एवं अधीक्षण यंत्री प्रतिभा सिंह ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि रबी सीजन में किसानों को सिंचाई के लिए पर्याप्त जल उपलब्ध कराने के उद्देश्य से नहरों की मरम्मत का कार्य निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण किया जाए, ताकि सिंचाई के दौरान किसानों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।

