नैनीताल। शहर के मल्लीताल स्थित घनी आबादी में चीना बाबा मंदिर के पास स्थित सरस्वती शिशु मंदिर की बिल्डिंग में मंगलवार देर शाम भीषण आग लग गयी। आग से स्कूल की बिल्डिंग का ऊपरी हिस्सा पूरी तरह जल गया। आग की भयावहता को देखते हुए आसपास के सभी घरों को भी खाली करा लिया गया था। इस दौरान प्रधानाचार्य जो स्कूल के ही एक कमरे में रहते हैं, वो अपने दो बच्चों के साथ अंदर फंस गए थे।
नैनीताल के सरस्वती शिशु मंदिर स्कूल में लगी भीषण आग: दमकल विभाग के चार वाहन आग बुझाने में लगे थे। लोगों ने स्कूल की बिल्डिंग से धुआं उठते देखा तो दमकल विभाग को सूचना दी। जब तक फायर ब्रिगेड के जवान मौके पर पहुंचे, तब तक आग विकराल रूप ले चुकी थी।
इस दौरान स्कूल बिल्डिंग में मौजूद प्रधानाचार्य रमेश तिवारी व उनके बेटे और बेटी को उनके पालतू कुत्ते समेत सकुशल बचा लिया गया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि, पहली प्राथमिकता आग पर पूरी तरह से नियंत्रण पाना थी। उसके बाद ही आग लगने के कारणों के बारे में बताया जा सकेगा।
चीड़ की लकड़ियों से धमाके साथ भड़की आग: नैनीताल के मल्लीताल क्षेत्र में घनी आबादी और होटलों से घिरे चीना बाबा मंदिर के पास स्थित सरस्वती शिशु मंदिर स्कूल में भीषण आग भड़कने से हड़कंप मच गया। देखते ही देखते पूरे क्षेत्र में घना धुआं फैल गया। आग की भीषणता को देखते हुए हल्द्वानी, भीमताल और भवाली से भी फायर ब्रिगेड बुला ली गईं।
प्रधानाचार्य और उनके बेटे-बेटी को बचाया गया। सूचना पाकर पहुंचे पुलिसकर्मियों और फायर फाइटर्स ने स्कूल के आसपास सुरक्षा घेरा बनाते हुए आग को बुझाना शुरू किया।

