मकड़ाई समाचार खंडवा। खरगौन जिले में बिस्टान थाने में लूट के एक आरोपी की मौत की आग अभी ठंडी भी नहीं हुई थी कि प्रदेश में ऐसी एक और घटना हो गई है। खंडवा के मांधाता थाने में लाए गए चोरी के आरोपी की संदिग्ध मौत हो गई। बताया जा रहा है कि थाने में आरोपी की तबियत बिगड़ने के बाद उसे अस्पताल ले जाया गया लेकिन वहां डाक्टर्स ने बताया कि उसकी मौत हो चुकी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार मोटरसाइकिल चोरी के आरोप में किशन पिता जियालाल मानकर को मांधाता पुलिस ने पकडा था। उसे सोमवार की रात्रि 2:00 बजे पुलिस थाने में लेकर आई। उसके साथ में भाई भी थाने में आया था। थाने में आने के बाद भोगावा निपानिया निवासी किशन की रात्रि में अचानक तबीयत बिगड़ गई। साथ आए भाई ने इस बारे में पुलिस को बताया।
पुलिस तुरंत आरोपी किशन को अस्पताल लेकर पहुंची पर तब तक किशन की मौत हो चुकी थी। अस्पताल के डॉक्टरों ने जांच कर उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना के बाद खंडवा जिले के पुलिस अधीक्षक विवेक सिंह मांधाता थाने पहुंच गए हैं। किशन का पोस्टमार्टम मजिस्ट्रेट के सामने किया जाएगा। इसके लिए एक स्पेशल टीम खंडवा से भेजी जा रही है। पीएम के बाद ही खुलासा होगा कि किशन की मौत किस कारण से हुई।
इधर मांधाता थाने में चोरी के आरोपी की संदिग्ध मौत के मामले में प्रदेश सरकार द्वारा त्वरित कार्रवाई की गई है। मामले में टीआई गणपत कनेल, एसआई मायाराम और दो कांस्टेबलों को निलंबित कर दिया गया है। इसके साथ ही गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा ने मामले की न्यायिक जांच के भी आदेश दिए हैं। ज्ञातव्य है कि खरगौन के बिस्टान थाने में आरोपी की मौत के बाद खासा हंगामा मचा था।

