MP NEWS : पड़ोसी ने युवती को जंगल में ले जाकर किया दुष्कर्म, बनाया वीडियो, ब्लैकमेल कर कई बार की ज्यादती
वीडियो को इंटरनेट मीडिया पर वायरल करने की धमकी देकर युवती का लगातार करने लगा शारीरिक शोषण
मकड़ाई समाचार भोपाल। बैरसिया थाना इलाके में एक युवक पड़ोस में रहने वाली युवती को बहाने से जंगल में ले गया। वहां उसके साथ दुष्कर्म कर दिया। इसके बाद उसने युवती को बताया कि जंगल की घटना का उसने वीडियो बना लिया है। युवक वीडियो को इंटरनेट मीडिया पर वायरल करने की धमकी देकर युवती का लगातार शारीरिक शोषण करने लगा। परेशान होकर युवती ने घटना के बारे में स्वजन को बताया। शिकायत मिलने पर पुलिस ने दुष्कर्म का केस दर्ज कर आरोपित को गिरफ्तार कर लिया है।
बैरसिया थाना पुलिस के मुताबिक क्षेत्र के एक गांव में रहने वाली 23 वर्षीय युवती ने 12वीं कक्षा तक पढ़ाई की है। वर्तमान में वह घरेलू कामकाज करती है। उसका परिचय गांव में रहने वाले राजेंद्र दांगी नाम के युवक से हो गया था। पेशे से किसान राजेंद्र बकरियां चराने पास के जंगल में ले जाया करता था। युवती से राजेंद्र की बातचीत होती थी। युवती ने पुलिस को शिकायत में बताया कि एक दिन राजेंद्र ने युवती को मिलने के लिए जंगल में बुलाया था। वहां उसने युवती के साथ दुष्कर्म कर दिया। इसके बाद राजेंद्र ने युवती को फिर मिलने बुलाया तो उसने मना कर दिया। राजेंद्र ने उसे ब्लैकमेल करते हुए कहा कि उसने जगंल में हुई घटना का वीडियो बना लिया है। यदि वह उसका कहना नहीं मानेगी, तो वीडियो वायरल कर देगा। 11 नवंबर की शाम को युवती घर पर अकेली थी। इस बात का पता चलने पर राजेंद्र उसके घर में घुस गया और उसके साथ दुष्कर्म किया। विरोध करने पर उसने युवती को जान से मारने की धमकी भी दी। इसके बाद राजेंद्र ने युवती से कई बार ज्यादती की। परेशान होकर युवती ने घटना के बारे में अपने परिवार के लोगों को बताया। शिकायत के आधार पर पुलिस ने राजेंद्र के खिलाफ दुष्कर्म, जाति से अपमानित करने का केस दर्ज कर लिया है।