हरदा: मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने महिला दिवस के अवसर पर शनिवार को लाड़ली बहना योजना की माह मार्च के लिए प्रदेश की 1.27 करोड़ लाभार्थी महिलाओं के खाते में लगभग 1552.73 करोड़ रूपये की राशि का सिंगल क्लिक से अंतरण किया। इस
अवसर पर मुख्यमंत्री डॉ यादव ने उन महिलाओं को सम्मानित किया, जिन्होंने प्रदेश में महिलाओं और बच्चों के क्षेत्र में समाज सेवा, सुरक्षा, वीरता एवं साहसिक कार्यों के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य किया है। भोपाल के कुशाभाऊ ठाकरे इन्टरनेशनल कन्वेंशन सेंटर में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम में महिला, बाल विकास विभाग के राज्य स्तरीय पुरस्कार का वितरण भी किया। इस अवसर पर हरदा जिले की कुल 94152 महिलाओं के बैंक खातों में 11.47 करोड़ रूपये की राशि अंतरित की गई।
इस अवसर पर अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस, लाड़ली बहनाओं राशि अंतरण एवं रेवा शक्ति सम्मेलन का जिला स्तरीय कार्यक्रम होटल हवेली में आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ सरस्वती पूजन एवं कन्या पूजन कर किया गया। कार्यक्रम में विधायक डॉ आर.के. दोगने, नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती भारती राजू कमेड़िया, जिला पंचायत उपाध्यक्ष श्री दर्शन सिंह गहलोत, कलेक्टर श्री आदित्य सिंह, जिला भाजपा अध्यक्ष श्री राजेश वर्मा, महिला बाल विकास विभाग की सभापति श्रीमती बिन्दु गुर्जर, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्रीमती राजेश्वरी महोबिया सहित नागरिक, लाड़ली बहना व जनप्रतिनिधि उपस्थित थे।
विधायक डॉ आर.के. दोगने ने इस अवसर पर सभी को अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस की शुभकामनाएं दी। उन्होने कहा कि वर्तमान में हमारे देश में महिलाएं बड़े बड़े पदों पर विराजमान है, और उन्होंने हर पद पर अपना कर्तव्य बखूबी ढंग से निभाया है। उन्होने इस दौरान रेवा शक्ति अभियान के सफल क्रियान्वयन के लिए जिला प्रशासन को शुभकामनाएं दी।
जिला पंचायत उपाध्यक्ष श्री दर्शन सिंह गहलोत ने इस अवसर पर कहा कि आज मातृशक्ति हर क्षेत्र में आगे है, चाहे वह शासकीय नौकरी हो, व्यवसाय हो या खेल जगत अथवा अन्य कोई भी क्षेत्र हो। किसी भी क्षेत्र में नारी शक्ति कम नहीं है। उन्होने उपस्थित सभी महिलाओं को अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस की शुभकामनाएं दी।
नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती भारती राजू कमेड़िया ने इस अवसर पर संबोधित करते हुए कहा कि आज का दिन महिलाओं के लिए है, हर महिला शक्ति का रूप है। महिलाओं को अपने आप को किसी से कम नहीं समझना चाहिए। हमें पढ़ लिखकर अपने परिवार, जिले व देश का नाम रौशन करना है। श्रीमती कमेड़िया ने जिले की योजना रेवा शक्ति अभियान के लिये जिला प्रशासन को धन्यवाद किया।
कलेक्टर श्री आदित्य सिंह ने अपने उद्बोधन में सभी महिलाओं को अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस की शुभकामनाएं दी। उन्होंने कहा कि किसी भी क्षेत्र में महिला पीछे नहीं है, महिला अन्नपूर्णा होती है। हर क्षेत्र में महिला आगे है। हमारे जिले की सुरक्षा अधिकतर महिलाओं के हाथों में ही है। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन द्वारा संचालित रेवा शक्ति अभियान भी महिलाओं और बेटियों के लिए शुरू किया गया है।
इस अवसर पर महिला बाल विकास विभाग की सभापति श्रीमती बिन्दु गुर्जर ने भी सभी महिलाओं को अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी।
इस अवसर पर जिला कार्यक्रम अधिकारी श्री संजय त्रिपाठी ने बताया कि अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर लाड़ली बहना योजना की राशि अंतरित की जा रही है। उन्होंने कार्यक्रम में रेवा शक्ति अभियान के बारे में बताया। इस अवसर पर महिला सशक्त वाहिनी अभियान एवं रेवा शक्ति अभियान पर केंद्रित फिल्म भी दिखाई गई।
जिले की 94152 लाड़ली बहनों के खाते में 11.47 करोड़ रूपये की राशि अंतरित की
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने भोपाल में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम में जिले की 94152 महिलाओं के बैंक खातों में 11.47 करोड़ रूपये की राशि अंतरित की। इस दौरान जनपद पंचायत हरदा की 23926, जनपद पंचायत खिरकिया की 23112, जनपद पंचायत टिमरनी की 26118, नगर पालिका हरदा की 11733, नगर परिषद खिरकिया की 3568, नगर परिषद सिराली की 2316 तथा नगर परिषद टिमरनी की 3379 लाड़ली बहनों के खाते में राशि अंतरित की गई।
रेवा शक्ति योजना के तहत मोबाइल एप लान्च किया
अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर जिले के नवाचार ‘‘रेवा शक्ति अभियान’’ से संबंधित मोबाइल एप अतिथियों द्वारा लॉन्च किया गया। जिला कार्यक्रम अधिकारी महिला एवं बाल विकास विभाग श्री संजय त्रिपाठी ने बताया कि इस एप में ‘‘कीर्ति कार्ड’’ धारकों एवं रेवा मित्रों की जानकारी होगी। इस एप से कीर्ति कार्ड धारकों को रेवा शक्ति अभियान के तहत छूट देने वाले रेवा मित्रों की जानकारी तथा उन्हें मिलने वाली सेवाओं व छूट की जानकारी आसानी से उपलब्ध हो सकेगी।
अतिथियों ने पोषण प्रदर्शनी का अवलोकन किया
जिला स्तरीय कार्यक्रम में महिला एवं बाल विकास विभाग की आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं द्वारा महिलाओं व बच्चों को स्थानीय संसाधनों के माध्यम से पोषण युक्त आहार तैयार करने के लिये जागरूक करने हेतु पोषण प्रदर्शनी लगाई गई। अतिथियों ने प्रदर्शनी का अवलोकन कर आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं से पोषण आहार के संबंध में जानकारी ली।
महिला अधिकारी, सामाजिक कार्यकर्ता व छात्राएं हुई सम्मानित
कार्यक्रम के अंत में विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिला अधिकारी, कर्मचारी, सामाजिक कार्यकर्ता व छात्राओं को प्रशस्ति-पत्र देकर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर संयुक्त कलेक्टर सुश्री रजनी वर्मा, जिला गवर्नेंस प्रबन्धक सुश्री आयुषी विश्वकर्मा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्रीमती राजेश्वरी महोबिया, एसडीओपी श्रीमती आकांक्षा तलया, खेल प्रशिक्षक श्रीमती मोनिका मेहता, खेल समन्वयक सुश्री सलमा खान, प्रशासक वन स्टॉप सेंटर श्रीमती सूचिता इक्का, सामाजिक कार्यकर्ता सुश्री उषा गोयल, श्रीमती रेखा विश्नोई, श्रीमती आभा तिवारी, श्रीमती गीता पाण्डे, बाल कल्याण समिति अध्यक्ष श्रीमती भावना रावत, सदस्य श्रीमती शिखा केशवरी, श्रीमती रूपाली पाण्डेय, श्रीमती दीपा टांक, श्रीमती दिव्या राजपूत, बेडमिंटन की राष्ट्रीय स्तर की खिलाड़ी गुंजन राजपूत, योगा खिलाड़ी प्रतीभा गुर्जर, कुश्ती की राष्ट्रीय स्तर खिलाड़ी सुश्री वंशिका विश्नोई व वेदिका विश्नोई सहित अन्य खिलाड़ियों, अधिकारी कर्मचारी व सामाजिक कार्यकर्ताओं को सम्मानित किया गया।