केके यदुवंशी पत्रकार
सिवनी मालवा। कलेक्टर नर्मदापुरम के विशेष निर्देशन में जिले की गौशालाओं को बेहतर और सुरक्षित बनाने के अभियान के तहत एसडीएम विजय राय द्वारा गौशालाओं की निरंतर मॉनिटरिंग जारी है। इसी क्रम में बुधवार को उन्होंने ग्राम बांदरखोह स्थित आचार्य विद्यासागर गौशाला’ का औचक निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान एसडीएम राय के साथ बड़ी संख्या में ग्रामीण भी मौजूद रहे। उन्होंने गौशाला में निर्माणाधीन नए शेडों का जायजा लिया और संचालक को कार्य शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए।
दिए गए प्रमुख निर्देश
– पेयजल हौदों की नियमित सफाई और परिसर से प्रतिदिन गाद हटाई जाए
– वृद्ध और युवा गोवंश के लिए अलग-अलग शेड की व्यवस्था की जाए
– दवाओं और फर्स्ट एड किट की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित की जाए
– वेटनरी विभाग सप्ताह में कम से कम 3 दिन गौशाला का दौरा कर घायल व बीमार गोवंश का त्वरित उपचार करे
निरीक्षण के दौरान एक गोवंश घायल अवस्था में मिला। एसडीएम ने स्वयं उसकी मरहम-पट्टी कर मानवीय संवेदना का परिचय दिया। उनकी इस पहल से ग्रामीणों में गौ-सेवा के प्रति भावनात्मक जुड़ाव देखने को मिला।
उल्लेखनीय है कि पूर्व में कलेक्टर के मार्गदर्शन में एसडीएम श्री राय और समाजसेवी संतोष पारीक के सहयोग से क्षेत्र के लगभग 2000 निराश्रित गोवंशों को इस गौशाला में सुरक्षित दाखिल कराया गया था। इसे गौ-संरक्षण की दिशा में ऐतिहासिक कदम माना जा रहा है।
एसडीएम विजय राय ने बताया कि कलेक्टर के निर्देशन में गोवंश को सुरक्षित आश्रय देने और सड़क हादसों को रोकने के लिए पूरे जिले में यह अभियान चलाया जा रहा है। क्षेत्रवासियों ने प्रशासन के इस कदम की सराहना की है।

